हमें 5 किलो अनाज नहीं , नौकरी चाहिए : मुकेश सहनी

हमें 5 किलो अनाज नहीं , नौकरी चाहिए : मुकेश सहनी

पटना : विकासशील इंसान पार्टी के नेता और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा और पीएम पर जमकर निशाना साधा। 

उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि आज भाजपा वाले पांच किलो अनाज देने की बात करते हैं, लेकिन यह अनाज किसी की मेहरबानी नहीं है। कांग्रेस के जमाने मे भी तेल, चावल, गेहूं मिलता था। उन्होंने यह भी कहा कि हमें पांच किलो अनाज नहीं नौकरी चाहिये। हमें हमारे बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल चाहिए, हमे इलाज के लिए अस्पताल चाहिए। 

सहनी आज जमुई, शेखपुरा, नवादा, गया और औरंगाबाद में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता लोकतंत्र में मालिक हैं। यही कारण है कि पाँच साल में नेताओं के कार्यों को परखा जाता है। काम नहीं करने वाले या वादाखिलाफी करने वाले नेताओं कोट दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वादाखिलाफी करने वाली मोदी सरकार को आज बदलने का समय है। 

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने एक साल में दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन आज कितने लोगों को नौकरी मिली। उन्होंने कहा कि इनके झाँसे में आकर पहले 2014 में और फिर 2019 में इन्हें जीत दिलवा दी, लेकिन तीसरी बार अगर मोदी जी जीत गए तो संविधान खतरे में आ जाएगा । उन्होंने कहा कि यह चुनाव खास चुनाव है। इस चुनाव को आजादी की लड़ाई की तरह मिलकर लड़ने की जरूरत है। 

श्री सहनी ने जोर देकर कहा कि कुछ दिनों पहले ही हम सभी ने हाथ मे गंगाजल लेकर भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संकल्प लिया था। आज भाजपा को हराने के लिए एक जुट होना है। उन्होंने कहा कि इण्डिया गठबन्धन की सरकार बनेगी तो हमें आरक्षण भी मिलेगा। इस दौरान उन्होंने महागठबन्धन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।