छठ करने वाले पुलिसकर्मी को भी नहीं मिली छुट्टी, पुलिस एसोसिएशन ने जताई आपत्ति...

छठ करने वाले पुलिसकर्मी को भी नहीं मिली छुट्टी, पुलिस एसोसिएशन ने जताई आपत्ति...

पटना : बिहार में महापर्व छठ को लेकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश के तहत सभी पुलिसकर्मियों को छुट्टी नहीं मिलने का आदेश जारी हुआ है। हालांकि विशेष परिस्थिति में पुलिसकर्मियों को छुट्टी दी जाएगी। आदेश की कॉपी में यह बात अंकित है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है।

इस तरह का आदेश हर साल जारी होता है, लेकिन इस बार छठ करने वाले पुलिसकर्मियों की भी छुट्टी कैंसिल कर दी गई है। छठ पर छुट्टी नहीं मिलने से पुलिसकर्मी काफी नाराज हैं, लेकिन नौकरी के लिए कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।

पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने इस पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की जरूरत है। अध्यक्ष कहा कि हर साल ऐसा आदेश निकलता है, लेकिन छठ करने वाले कर्मियों को छुट्टी दी जाती है। इस बार कई जिलों में एसपी ने छुट्टी देने से मना कर दिया है।

स्वयं छठ करने वाले पुलिसकर्मी, जो मन्नत पूरी होने पर पर्व करते हैं, वे सभी नारियल छूकर छठ मईया की शपथ लेकर भी छुट्टी लेने को तैयार है। फिर भी जिला कप्तान कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। जिससे संबंधित जिलों के कर्मी मायूस हैं। छठ बिहार का एक महान पर्व है । इसको बड़ी श्रद्धा से मनाया जाता है। अध्यक्ष ने कहा कि कहीं किसी तरह की विधि व्यवस्था में दिक्कत नहीं होगी।

वहीं भोजपुर के एसपी प्रमोद कुमार ने अपने स्तर से जिले में छठ करने वाले कर्मियों को 3 दिन की छुट्टी दे दी है। एसपी के द्वारा जारी लेटर में जिक्र किया गया है कि 17 नवंबर की शाम से 20 नवंबर तक छठ करने वालों को छुट्टी दी जा रही है। SP ने कहा कि जो पुलिसकर्मी मन्नत पूरी होने या मन्नत के लिए छठ कर रहे हैं, उन्हें छुट्टी दिया गया है।

बिहार पुलिस के एडीजी मुख्यालय जे. एस. गंगवार ने पुलिसकर्मियों के छुट्टी रद्द करने के सवाल को टालते हुए कहा कि त्योहार के समय सभी लोगों की सहूलियत का ध्यान रखते हैं। यही हमारा काम है।