आरा : राजमिस्त्री को बदमाशों ने मारी गोली, घटनास्थल से शराब और सोडा बरामद...

आरा : राजमिस्त्री को बदमाशों ने मारी गोली, घटनास्थल से शराब और सोडा बरामद...

आरा : आरा शहर में युवक की गोली मार बदमाशों ने हत्या कर दी। लाश इब्राहिम नगर के सुनसान इलाके से बरामद हुआ है। बाएं साइड गर्दन में काफी नजदीक से गोली मारी गई है। मृतक टाउन थाना क्षेत्र के इब्राहिम नगर मोहल्ला निवासी छबीला महतो का 27 वर्षीय बेटा शशिकांत महतो है, जो राजमिस्त्री था।

मृतक के पिता छबीला महतो ने कहा कि शशिकांत की तबीयत ठीक नहीं थी, पेट दर्द था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे दवा लेने घर से निकला था। रास्ते में उसके दोस्त उसे अपने साथ ले गए। रात में इब्राहिम नगर स्थित संजय गांधी कॉलेज के पीछे उसकी लाश मिली। गोली मारकर उसे किसी ने फेंक दिया। घटनास्थल पर विदेशी शराब, सोडा की बोतल मिली है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसपी राज, टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय और अपर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन में जुट गए। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और कारतूस भी बरामद किया गया है।

एसपी मिस्टर राज ने बताया कि इब्राहिम नगर के रहने वाले एक युवक 27 वर्षीय शशिकांत की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटनास्थल की जांच फॉरेंसिक टीम से कराई जा रही है। वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए साक्ष्य संकलन भी किया जा रहा है। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।

मृतक के पिता छबीला महतो ने बताया कि मेरी इब्राहिम नगर में 16 कट्ठा जमीन है। जिसको लेकर सौतेले भाई से 6 माह पूर्व से विवाद चल रहा है। मामले में मैंने प्राथमिक की भी दर्ज कराई थी। एक सप्ताह पहले टाउन थाना में भी शिकायत की थी कि जान से मारने की धमकी दी जा रही है। छबीला महतो ने अपने सौतेले भाई राम भवन हत्या का आरोप लगाया है।