आरा : संदेहास्पद स्थिति में युवक को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस...

आरा : संदेहास्पद स्थिति में युवक को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस...

आरा : नवादा थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद के समीप संदेहास्पद स्थिति में एक युवक को गोली लग गई। जख्मी युवक को गोली बाएं साइड जांघ पर लगी है। जख्मी युवक बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा गांव वार्ड नंबर एक निवासी जय गणेश सिंह का पुत्र रितेश कुमार सिंह (23 वर्ष) है। वह वर्तमान में नवादा थाना क्षेत्र के गिरजा मोड़ पर अपने मकान में रहता है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।

इधर, रितेश कुमार सिंह ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ने के बाद अपने दोस्त के साथ कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद के पास दोस्त के साथ बैठा हुआ था। तभी उसे अचानक बाएं पैर में दर्द का एहसास हुआ। जब उसने अपने बाएं जांघ को छुआ तो उसने देखा कि खून बह रहा है और उसे गोली लग गई है। जिसके बाद दोस्तों द्वारा उसे इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

वही इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि रमना मैदान स्थित चबूतरे पर एक लड़का बैठा हुआ था तभी उसे गोली लग गई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह जब चबूतरे पर बैठा हुआ था। तभी उसे गोली लग गई। लेकिन उसे गोली कैसे लगी यह उसे नहीं पता चल पाया। प्रारंभिक जांच में ऐसा लग रहा है कि उसके अगल-बगल बैठे या उसके पास ही से एक्सीडेंटल तरीके से उसे गोली लगी है।

एसपी ने बताया कि अभी मामला संदिग्ध लग रहा है। इसलिए अभी जांच की जा रही है और वहां के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है।