आरा : लोन नहीं चुकाने पर बैंककर्मी के साथ घर सील करने गई पुलिस टीम पर हमला, महिला पुलिसकर्मी सहित सात जख्मी...

आरा : लोन नहीं चुकाने पर बैंककर्मी के साथ घर सील करने गई पुलिस टीम पर हमला, महिला पुलिसकर्मी सहित सात जख्मी...

आरा : आरा में बैंक लोन की प्रोपर्टी सील करने के लिए बैंक रिकवरी अधिकारियों के साथ पहुंची पुलिस टीम पर ईंट पत्थर और शीशे के टुकड़े से हमला किया गया। हमले में दोनों पक्षों से तीन महिला पुलिसकर्मी सहित सात लोग जख्मी हो गए। इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। घटना नगर थाना क्षेत्र के आंनद नगर मुहल्ला की है।

पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलते ही आरा सदर के अंचलाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मियों में भोजपुर पुलिस बल क्यूआरटी में तैनात हवलदार भीम सिंह, महिला सिपाही शकुंतला कुमारी, खुशबू कुमारी, बेबी कुमारी है।

बताया जा रहा है बैंक लोन लेने वाले परिजनों द्वारा किए गए हमले में बैंक रिकवरी अधिकारियों को भी हल्की फुल्की चोटें लगी हैं। जबकि दूसरे पक्ष की उक्त घर की महिला शशि देवी और उनकी दो बेटी मीनाक्षी और खुशी शामिल है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पटना में स्थित हिंदुजा बैंक से उक्त घर की महिला शशि देवी के पति संतोष सिंह द्वारा लगभग 45 लाख रुपया होम लोन के रूप में लिया गया था।

इसका सूद एवं मूल लेकर करीब करोड़ रुपये के आसपास हो गया था। इस संबंध में शनिवार की शाम हिंदुजा बैंक की रीजनल लीगल मैनेजर रेणु राय, दो बैंक कर्मी पुलिस बल के साथ घर को सील करने के लिए आनंद नगर मोहल्ले में गई थी। आरोप है कि पुलिस को देख घर की महिला ने जोर से दरवाजा बंद कर दिया।

इसके कारण घर के दरवाजे में लगा शीशा चकनाचूर हो गया। इसके बाद उसी शीशे से घर की महिलाओं द्वारा पुलिस बल एवं बैंक कर्मी पर हमला कर दिया।

क्यूआरटी के एसआई सुमन सिंह ने बताया कि हमारी टीम नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में बैंक लोन की प्रोपर्टी सील करने में बैंक अधिकारियों की सुरक्षा और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए गए हुए थे। इसी बीच लोन लेने वाले के परिजनों ने एकाएक पुलिस बल पर हमला बोल दिया। जिसमें महिला सिपाही और एक हवलदार जख्मी हो गए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर की जख्मी महिला शशि देवी ने बताया कि पुलिस और बैंक कर्मी उनके घर आए और कहा कि हमलोग बैंक से आए हैं। आप लोग घर से बाहर निकलिए हमे घर को सील करना है। तभी उन्होंने कहा कि मेरे घर पर अभी कोई पुरुष नहीं है। हम तीन लड़कियों को लेकर बाहर कैसे जाएंगे। लेकिन वे लोग नहीं माने और घर में घुस गए। जब हमलोग घर का दरवाजा बंद करने लगे, तभी घर के दरवाजे में लगा शीशा टूट गया।

भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दखल-दहानी के मामले में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस केंद्र और स्थानीय थाना से कुछ पुरुष और महिला सिपाही प्रतिनियुक्त थे। प्रक्रिया के दौरान किसी कमरे के दरवाजा में लगा शीशा टूट गया था। संबंधित घर की कोई लड़की किसी महिला सिपाही के ऊपर टूटा शीशा फेंक दिया। जिससे महिला सिपाही घायल हुई है। पथराव की बात गलत है। बाकी और कोई मामला नहीं है।