आरा : गलती से खेत में चली गयी थी गाय, माफी मांगने के बाद भी मार दी गोली...

आरा : गलती से खेत में चली गयी थी गाय, माफी मांगने के बाद भी मार दी गोली...

आरा : भोजपुर के गडहनी थाना क्षेत्र के लभुआनी गांव में गुरुवार की शाम खेत में मवेशी चराने के विवाद में एक युवक को गोली मार दी गयी। उसे ताबड़तोड़ दो गोलियां मारी गई। एक गोली दाहिने सीने में, जबकि दूसरी कलाई में लगी है। इससे वो गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज आरा के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है।

जख्मी युवक लभुआनी गांव निवासी नंदजी यादव का 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार है। गोली मारने का आरोप गांव के ही एक युवक पर लगाया जा रहा है। फायरिंग की आवाज सुनकर जब लोग वहां पहुंचे तो खून से लथपथ युवक खेत में गिरा हुआ था। जिसको आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वह इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

दीपक कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम वह गाय चराने बधार की ओर गया था। उसी दौरान उसकी गाय गलती से गांव के ही दुपौली यादव के धान के खेत में चली गयी। तभी दुपौली यादव वहां गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। उसने कहा कि गलती से गाय खेत में चली गयी। अब ऐसी गलती नहीं होगी। उसके बाद दुपौली यादव अपने घर गया और अन्य लोगों साथ हथियार लेकर वहां आ धमका। आने के साथ ही वह मारपीट करने लगा।

सूचना मिलने पर उसके घर के लोग भी वहां पहुंचे। उसी बीच दुपौली यादव द्वारा उसे गोली मार दी गयी। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और अपने स्तर से छानबीन की। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गाय चराने के विवाद में पड़ोस के सोनू यादव नामक युवक द्वारा युवक को गोली मारी गयी है। मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में आरोपित की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। एएसपी चंद्रप्रकाश उसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।