आरा : शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से 4 लोगों को लगी गोली, दूल्हे की मां भी जख्मी...

आरा : शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से 4 लोगों को लगी गोली, दूल्हे की मां भी जख्मी...

आरा : शादी विवाह के दौरान असलाहों का प्रदर्शन करना अब स्टेट्स सिंबल बन गया है। हर्ष फायरिंग के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे है। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग और असलाहों का प्रदर्शन करना लोग अपनी शान समझ रहे हैं। इसमें लोगों की जान भी जा रही है।

भोजपुर जिले में बीते मंगलवार (6 जून) की रात दो अलग-अलग शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से 4 लोग घायल हो गए। संदेश में तिलक समारोह के दौरान गोली चलने से दूल्हे की मां घायल हो गई। वहीं, मुफस्सिल थाना इलाके में बारात में द्वार पूजा के दौरान हर्ष फायरिंग हुई, जिसमें कैमरामेन समेत 3 लोग घायल हो गए। इनका आरा के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर है।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा बसंतपुर गांव में मंगलवार की देर रात बारात की द्वार पूजा के दौरान हर्ष फायरिंग में तीन लोग जख्मी हो गए। इस घटना में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी लखन राय के 55 वर्षीय पुत्र वीर राय, बक्सर के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के एकडार गांव निवासी लाल मोहर यादव के 27 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार यादव और बारा गांव निवासी बालक यादव के 42 वर्षीय पुत्र राजेंद्र यादव जख्मी हुए हैं। घटना के बाद मुफस्सिल थाना इंचार्ज संजय सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और जख्मियों से घटना की जानकारी ली।

जख्मी कैमरामैन मुकेश यादव ने बताया कि बारात आने के बाद जब द्वार पूजा का कार्यक्रम चल रहा था और वह स्टेज पर चढ़कर अपना काम कर रहा था तो उसी दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। उसके दोनों पैर में छर्रा लग गया, जबकि राजेंद्र यादव और वीर राय को दाहिने पैर में छर्रा लग गया। इससे तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद बारातियों एवं सरातियो के बीच भगदड़ मच गई। किन लोगों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई, अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

दूसरा मामला संदेश थाना इलाके के डिहरी गांव में हुआ। यहां बेटे के तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग होने से मां को गोली लग गई। जख्मी बुजुर्ग महिला के पेट में गोली लगी, जिससे तुरंत वह खून से लथपथ हो गईं। घायल महिला को बाबू बाजार स्थित एक अस्पताल में लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। 

बताया जाता है की देर रात जब आंगन में तिलक का कार्यक्रम चल रहा था तभी किसी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में ही महिला को गोली लग गई। घटना के बाद समारोह को रोक दिया गया। फायरिंग किसने की यह स्पष्ट नहीं हो सका है।