सम्राट चौधरी ने आरा में मतदाताओं से की अपील, आपका एक-एक वोट भारत को विश्व महाशक्ति बनाएगा, भ्रष्टाचार में डूबी पार्टियों से जनता का मोहभंग...

सम्राट चौधरी ने आरा में मतदाताओं से की अपील, आपका एक-एक वोट भारत को विश्व महाशक्ति बनाएगा, भ्रष्टाचार में डूबी पार्टियों से जनता का मोहभंग...

आरा : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज आरण्य माता और बाबू वीर कुँवर सिंह जी की ऐतिहासिक धरती आरा पहुंचे। यहां उन्होंने आरा लोकसभा क्षेत्र से एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार श्री आर के सिंह जी के नामांकन समारोह सह आशीर्वाद सभा में शामिल हुए। 

आशीर्वाद सभा में आए हजारों लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपका एक-एक वोट भारत को विश्व महाशक्ति बनाएगा। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि जब देश का नेतृत्व मजबूत कंधे पर होगा तो देश भी मजबूत रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज भारत का डंका दुनिया में बज रहा है। 

उन्होंने कहा कि पहले भारत की बात कोई देश सुनता नहीं था, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया न केवल कान खोलकर सुनती है बल्कि अमल करती है। उन्होंने कहा कि यह तब संभव हो सका जब आपने 2019 को नरेंद्र मोदी जी को दूसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाया। 

भाजपा अध्यक्ष श्री चौधरी ने लोगों से देश को विकसित और भारत को महाशक्ति बनाने के लिए एक बार फिर नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। 

उन्होंने कहा कि अब देश की जनता का भ्रष्टाचार में डूबी पार्टियों से मोहभंग हो चुका है। बिहार में एक पार्टी के अध्यक्ष पशु का चारा खा गए , उसकी सजा काट रहे हैं। वहीं पड़ोसी राज्य में उनके साथी मंत्री के पीए के घर से करोड़ों रुपए बरामद हुए है और अभी बरामद भी हो रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ ये लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगे हैं तो प्रधानमंत्री जी भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने की गारंटी दे रहे। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।