विपक्षी एकता के सूत्रधार होंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार...

विपक्षी एकता के सूत्रधार होंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार...

पटना : जदयू प्रदेश प्रवक्ता राहुल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहल से केंद्र की निकम्मी सरकार के खिलाफ आज देश का विपक्ष एकजुट हो रहा है। विपक्षी दलों की एकजुटता सिर्फ देश की राजनीति ही नहीं बल्कि लोकतंत्र और सविंधान के हित में भी एक सकारात्मक शुरुआत है। जिस प्रकार आज देश में भाजपा द्वारा अघोषित आपातकाल लागू किया गया है इससे देशभर की जनता त्रस्त हो चुकी है।

आगे उन्होंने कहा कि बिहार की धरती क्रांति की जननी रही है। लोकतंत्र और सविंधान की रक्षा के लिए हम सदैव तत्पर रहें हैं। आज जब देश में सविंधान की धज्जियां उड़ाई जा रही है तो समूचा देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार की तरफ टकटकी लगाकर देख रहा हैं। देश की जनता को यह विश्वास है कि बिहार पुनः देशहित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

देश की आकांक्षाओं को महसूस करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की मुहिम शुरू कर दी है, इसी क्रम में कल उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ मुख्यमंत्री का बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और युपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ बातचीत हुई। बिहार एक बार फिर देश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाने की ओर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दशकों पुराना राजनीतिक अनुभव और विकासपुरुष के तौर पर देशभर में उनकी लोकप्रियता निश्चित तौर पर विपक्ष की राजनीति को नई मजबूती प्रदान करेगी।