आरा में अपराधियों ने युवक को घर में घुसकर मारी गोली...

आरा में अपराधियों ने युवक को घर में घुसकर मारी गोली...

आरा : भोजपुर में घर में घुसकर अपराधियों ने एक अधेड़ घनश्याम यादव (46) की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव का है। बताया जा रहा है कि मृतक कुछ दिन पहले ही हत्या के मामले में बेल पर बाहर आया था। घनश्याम 2021 से हत्या के मामले में जेल में था। वहीं इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने कहा कि देर रात्रि कृष्णागढ़ थाना अंतर्गत सरैया टोला में घनश्याम यादव की हत्या की गई। कुछ दिन पहले ही मृतक जेल से छूट कर आए थे। गांव के मैनेजर यादव और उनके लड़कों के बीच आपसी लड़ाई चल रही थी। इसी दौरान मैनेजर यादव और उसके लड़कों ने मिलकर घनश्याम यादव को गोली मार दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही कृष्णागढ़ थाना प्रभारी विवेक कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। स्वजनों से पूछताछ कर वारदात के बारे में जानकारी ली। मृतक की पुत्री पुतुल कुमारी ने 11 नामजद समेत तीन अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।