आरा : हेरोइन तस्कर भाइयों पर NCB का शिकंजा, 29 संपत्तियां जब्त...

आरा : हेरोइन तस्कर भाइयों पर NCB का शिकंजा, 29 संपत्तियां जब्त...

आरा : एनसीबी ने भोजपुर जिले के शाहपुर निवासी हेरोइन तस्कर भाइयों विनोद धानुक व दीपक धानुक की करीब दो करोड़ 47 लाख रुपये मूल्य की कुल 29 संपत्तियां जब्त की है। सभी संपत्ति शाहपुर व भागलपुर में हैं। बिनोद धानुक पर शाहपुर में चार, भागलपुर में चार तथा एनसीबी में दो केस दर्ज हैं। 

एनसीबी सूत्रों की मानें तो एनडीपीएस एक्ट के केस में दोनों की जमानत हाई कोर्ट से मिलने के बाद जमानत को रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। हालांकि, जमानत मिलने के बावजूद दोनों भाई फिलहाल शाहपुर नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद सह वर्तमान मुख्य पार्षद जुगनू देवी के पति वशिष्ठ प्रसाद उर्फ मंटू सोनार की हत्या के मामले में जेल में बंद है।

एनसीबी केंद्रीय गृह मंत्रालय व पीएमओ को भी बताएगी कि दोनों अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने के लिए हेरोइन की तस्करी में संलिप्त रहे हैं। क्योंकि इनके द्वारा हेरोइन की खरीद व बिक्री से होने वाली आय से हत्या जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है।

एनसीबी के अधिकारियों ने बताया कि यदि पीएमओ व गृह विभाग द्वारा मंजूरी मिल जाती है, तो अगले दस वर्षों तक दो तस्कर भाइयों को कोर्ट से जमानत नहीं मिल सकेगी। विदित हो कि 26 जनवरी 2022 को एनसीबी की टीम द्वारा अचानक शाहपुर में बिनोद धानुक व किशुन धानुक के घर छापेमारी की गई थी।

इसके बाद स्थानीय थाना के सहयोग से घर की तलाशी ली गई थी। करीब ढाई सौ ग्राम हेरोइन बरामद किया गया था। इसके बाद एनसीबी द्वारा बिनोद धानुक, दीपक धानुक व किशुन धानुक को एनडीपीएस एक्ट में पकड़ा गया था।