आरा में बदमाशों ने रिटायर्ड BEO को मारी गोली...

आरा में बदमाशों ने रिटायर्ड BEO को मारी गोली...

आरा : टाउन थाना क्षेत्र के आनंद नगर मोहल्ला गली नंबर 2 में शुक्रवार की शाम हथियारबंद बदमाश ने एक रिटायर्ड बीईओ को गोली मार दी। जख्मी बीईओ को गोली दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

जख्मी बुजुर्ग मूल रूप से गया जिला के टेकारी थाना क्षेत्र के भोरी गांव निवासी स्व.सीताराम शर्मा के 60 वर्षीय पुत्र अरुण प्रकाश हैं। वह वर्तमान में कई वर्षों से आनंद नगर मोहल्ले गली नंबर दो में अपना मकान बनाकर रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।

बीईओ के बेटे चंद्रभानु प्रकाश ने बताया कि घर के बगल का एक लड़का घर से हमे बुलाया और मारपीट करने लगा। इस बात की जानकारी अपने घर जाकर पिता से दिया। जब उसके पिता उक्त लड़के से पूछताछ करने गए तो वह गाली-गलौज करने लगा और फायरिंग कर दी। जिसमें अरुण प्रकाश को पैर में गोली लग गई।

वहीं इस मामले में भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि तीन लड़के मोहल्ले में ही बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी उनके बीच झगड़ा हो गया और तीनों आपस में झगड़ने लगे। झगड़े के दौरान एक को पैर में एवं दूसरे को सिर में चोटें आई हैं। तभी उनमें से एक ने फायरिंग कर दी। जिसमें फायरिंग के दौरान एक को पैर में गोली लग गई। लेकिन उसकी स्थिति अभी ठीक है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।