जनता से झूठ बोलने वाली सरकार किसी का भला नहीं कर सकती, 5 किलोग्राम अनाज को मोदी सरकार बता रही विकास : मुकेश सहनी

जनता से झूठ बोलने वाली सरकार किसी का भला नहीं कर सकती, 5 किलोग्राम अनाज को मोदी सरकार बता रही विकास : मुकेश सहनी

पटना : विकासशील इंसान पार्टी के नेता और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज बांका के कटोरिया, पूर्णिया के बौंसा तथा धमदाहा में राजद प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा और प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लोगों से मोदी की सरकार को बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता से झूठ बोलने वाली सरकार कभी भी आम जनता का भला नहीं कर सकती है। 

श्री सहनी ने जोर देकर कहा कि आज भाजपा के लोग प्रति महीने पांच किलो अनाज देने का ढिढोरा पीट कर इसे विकास से जोड़कर बता रहीं है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा हास्यास्पद क्या हो सकता है कि 10 साल तक सत्ता में रहने वाली सरकार पांच किलो अनाज की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार भी राशन देने का काम किया करती थी।

उन्होंने जनता को मालिक बताते हुए कहा कि सही अर्थ में जनता ही मालिक होती है, लेकिन आज सरकार खुद को मालिक समझने लगी है। उन्होंने तेजस्वी यादव को भाई बताते हुए कहा कि 17 महीने की सरकार में तेजस्वी ने दिखा दिया कि सरकार गरीबों को लेकर कैसे काम करती है। सरकार 17 महीने में पांच लाख लोगों को नौकरी उपलब्ध कराई, उन्होंने कहा कि आज इन घरों में खुशियां बरकरार हो गयी। 

सन ऑफ मल्लाह श्री सहनी ने  लोगों से खासकर वीआईपी के कार्यकर्ताओं से महागठबन्धन के प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि यही सही समय है जब झूठ बोलने वाली और वादा नहीं पूरे करने वाली सरकर को बदल दिया जाए।