आरा : किसी ने गोली मारी या एक्सीडेंटल फायर? पुलिस के लिए चुनौती बना मर्डर केस...

आरा : किसी ने गोली मारी या एक्सीडेंटल फायर? पुलिस के लिए चुनौती बना मर्डर केस...

आरा : गोली से जख्मी इंटर के एक छात्र की मौत हो गई। इलाज के दौरान पटना के निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मृतक बड़हरा थाना क्षेत्र के देवरथ गांव निवासी देवेंद्र राम 19 वर्षीय पुत्र रौनक कुमार उर्फ राजू है। वो इंटर का छात्र था और नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी गैस एजेंसी रोड स्थित किराए का रूम लेकर रहता था।

मृतक के मामा दीप नारायण ने बताया कि उसके दोस्त मोहित कुमार को लड़का हुआ था। उसे जॉन्डिस हो गया था। जिसके कारण उसने अपने लड़के को आरा शहर के महावीर टोला स्थित निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया था। उसी को देखने के लिए बुधवार की रात वो अपने चार दोस्तों के साथ ऑटो से अस्पताल गया था। बुधवार की देर जब वो अपने दोस्तों के साथ ऑटो से वापस पकड़ी गैस एजेंसी स्थित अपने किराए के रूम पर लौट रहा था, उसी दौरान विपरीत दिशा से बाइक पर आ रहे दो हथियारबंद बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी।

परिजनों के मुताबिक फायरिंग के दौरान उसे गोली लग गई। इसके बाद उसके साथ रहे दोस्तों ने इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। पटना में इलाज के दौरान गुरुवार की रात उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसके शव को वापस गांव ले आए।

सूचना पाकर बड़हरा थाने की पुलिस भी पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। मृतक के मामा दीप नारायण ने अपने मृत भांजे रौनक कुमार उर्फ राजू का उसके साथ रहे दोस्त और गोली मारने वाले बाइक सवार बदमाशों से किसी भी तरह के दुश्मनी की बातों से इंकार किया। हालांकि बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली क्यों मारी। ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पकड़ी क्षेत्र में एक जगह पर बुधवार की रात एक लड़के को गोली लगी थी। हालांकि इसकी कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। लेकिन कुछ मीडिया से मालूम हुआ। जब इसका सत्यापन कराया गया तो इस मामले में अब तक किसी ने कोई लिखित सूचना नहीं दी है। उन्होंने बताया कि संभवतः ये लड़का गलत किस्म था और इन लड़कों के ग्रुप में ही फायरिंग संभव है। आपस में लोड करने के दौरान एक्सीडेंटल फायरिंग में गोली लगी है। हालांकि, हमारी टीम लगी हुई है। इसमें प्राथमिक दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी। हथियार बरामदगी की कोशिश भी की जाएगी।