भोजपुर में तालिबानी सजा: वृद्ध महिला को बिजली के खंभे से बांधा, डायन बताकर सरेआम की पिटाई...

भोजपुर में तालिबानी सजा: वृद्ध महिला को बिजली के खंभे से बांधा, डायन बताकर सरेआम की पिटाई...

आरा : भोजपुर में डायन बताकर एक बुजुर्ग महिला की पिटाई कर दी गई। बिजली के खंभे में बांधकर महिला को पीटा गया। खंभे में बंधी महिला छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन पूरा गांव तमाशा देखता रहा। मामला जिले के सहार थाना क्षेत्र के पतरिया गांव का है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से निकाला। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया गया है। दो आरोपीयों को भी गिरफ्तार किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के कमल किशोर सिंह के एक बेटी और एक भतीजे की अचानक मौत हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने लगी। कमल किशोर सिंह को शक है कि पतरिया गांव की बुजुर्ग महिला ने तंत्र-मंत्र किया है।

इसके बाद दबंग परिवार ने गुरुवार की दोपहर बुजुर्ग महिला को चिलचिलाती धूप में सड़क किनारे बिजली के खंभे में बांध दिया। फिर बेरहमी से पिटाई की। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीणों ने 112 को सूचना देकर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर 112 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वहां पहुंचने पर मामला शांत कर दिया गया और पुलिस वापस लौट गई। पुलिस के लौटने के सवाल पर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने महिला के रस्सी को खोल दिया था। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को आरोपी के घर की महिलाओं ने ही वापस लौटा दिया था।

थाना प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के बेटे ने कमल किशोर सिंह सहित उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।