तेजस्वी यादव ने साधा निशाना, बोले— राज्य में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त !

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है, रोज गोलियां चल रही हैं और अपराधियों में सरकार का डर खत्म हो गया है।

तेजस्वी यादव ने साधा निशाना, बोले— राज्य में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त !
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार का प्रभाव खत्म होता दिख रहा है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पहले की तरह सक्रिय नहीं रह गए हैं, जिससे प्रशासनिक पकड़ कमजोर हुई है और अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। तेजस्वी यादव ने “डबल इंजन” सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जब राज्य में अपराध होता है तो सत्ता में बैठे नेता जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर नजरें टिकाए रहते हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे और वैश्विक आर्थिक मुद्दों का जिक्र करते हुए भी बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और हालात ऐसे हो गए हैं कि “लॉ एंड ऑर्डर” की जगह “क्रिमिनल डिसऑर्डर” दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक अपराधी बेखौफ होकर कहीं भी और कभी भी गोलीबारी कर रहे हैं, क्योंकि प्रशासन का डर खत्म हो चुका है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे पर भी तेजस्वी यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह दौरा बिहार की समस्याओं के समाधान के लिए नहीं, बल्कि चुनावी रणनीति का हिस्सा है। उनके अनुसार बीजेपी सीमांचल के जरिए पश्चिम बंगाल चुनाव को ध्यान में रखकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के समय केंद्र के नेताओं को बिहार की याद आती है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद राज्य की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।