आरा : मुखिया पति हत्याकांड में शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार, टॉप-10 अपराधियों की सूची में था शामिल...

आरा : भोजपुर के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र की पश्चिमी गुंडी पंचायत के मुखिया पति, प्रॉपर्टी डीलर सह व्यवसायी महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की हत्या में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मुख्य शूटर धनजी यादव को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस विगत छह महीने से उसकी तलाश कर रही थी।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि धनजी यादव उसी थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव निवासी जगदीश यादव का पुत्र है। वह टॉपटेन अपराधियों में शामिल है। उसके खिलाफ पूर्व से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और शराब सहित पांच मामले दर्ज हैं। उसे गुरुवार की सुबह बभनगांवा स्थिति बगीचे से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से देसी कट्टा, गोली और मोबाइल बरामद किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मुखिया पति की हत्या चुनावी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में की गई है। पूर्व में पुलिस ने जगदीश यादव, सभापति यादव एवं लाल यादव के घर व्यापक तरीके से कुर्की-जब्ती की थी। तीनों फरार चल रहे है।

बता दें कि 14 मई 2023 को पश्चिमी गुंडी पंचायत की महिला मुखिया उमरावती देवी के पति महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव सुबह कृष्णागढ़ थाने से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरैया बाजार स्थित इटाहना मोड़ के समीप बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी थी। सड़क पर गिरने के बाद भी गोली दागी गई थी। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था।

इसे लेकर मृतक के बेटे विकास यादव ने अंशु उपाध्याय, धनजी यादव और लाला यादव समेत आठ के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने इसके पहले राकेश उर्फ रॉकी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पूर्व में दो पिस्टल भी मिला था। जबकि, मुख्य आरोपित शूटर धनजी यादव फरार चला आ रहा था।

इस दौरान एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने बभनगांवा बगीचा में छापेमारी कर वांछित धनजी यादव को धर दबोचा। तलाशी के दौरान एक देसी पिस्ताैल व कारतूस बरामद किया गया। सदर एएसपी चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम में कृष्णागढ़ थानाध्यक्ष विवेक कुमार एवं डीआइयू के अलावा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।