द‍िल्‍ली पुलिस की टीम को किडनैपर समझ बैठी भोजपुर पुलिस, हेरोइन तस्करी में दो गिरफ्तार...

द‍िल्‍ली पुलिस की टीम को किडनैपर समझ बैठी भोजपुर पुलिस, हेरोइन तस्करी में दो गिरफ्तार...

आरा : दिल्ली से भोजपुर जिले में आई नारकोटिक्स विभाग की टीम ने नाटकीय ढंग से छापेमारी कर हेरोइन तस्करी से जुड़े मामले में दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बिहिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर फोरलेन पर बेलौना-खरौनी गांव स्थित मंदिर के समीप से हुई।

दिल्ली पुलिस की नारकोटिक्स सेल की टीम ने भोजपुर जिले के ही बिहिया थाना के बेलौना-खरौनी गांव निवासी धर्मेंद्र यादव तथा गजराजगंज ओपी के कारीसाथ निवासी अनिल कुमार सिंह उर्फ डॉक्टर को पकड़ा है। दिल्ली में पकड़े गए एक तस्कर की निशानदेही पर दोनों को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आ रही है।

दिल्ली पुलिस की नारकोटिक्स विभाग की टीम ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को अपने साथ लेकर जाएगी। इससे पूर्व दोनों को आरा कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह ने भी दिल्ली पुलिस और गिरफ्तार आरोपितों से गहन पूछताछ की।

प्रारंभिक जानकारी में यह बात आ रही कि डाक्टर के नाम से जाना जाने वाला धर्मेंद्र यादव पशु चिकित्सा की आड़ में हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़ा था। दिल्ली पुलिस ने चार दिन पहले 600 ग्राम हीरोइन के साथ जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कौरा गांव निवासी मो. सैफुल्ला को गिरफ्तार किया था।

इस दौरान पूछताछ के क्रम में सैफुल्ला ने अपने तीन अन्य सहयोगी तस्करों के नाम बताए थे। इस दौरान दिल्ली स्थित मौरिस टाउन थाने में कांड अंकित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया था। इस दौरान इनोवा गाड़ी से बिहिया पहुंची। थाने में एंट्री दर्ज कराई और बिना उद्देश्य बताए कार से मिशन पर निकल गई।

इस दौरान दिल्ली पुलिस ने निशादेही के आधार पर जाल बिछाया। बिहिया थाना क्षेत्र के बेलौना गांव निवासी धर्मेंद्र यादव तथा उदवंतनगर थाना के गजराजगंज ओपी के कारीसाथ निवासी अनिल कुमार सिंह को आरा-बक्सर फोरलेन पर खरौनी गांव के समीप स्थित मंदिर पर बुलवाया गया।

बाइक से जैसे ही दोनों पहुंचे तभी पहले से सादे लिबास में मौजूद दिल्ली पुलिस के जवानों ने दोनों को नाटकीय अंदाज में धर दबोचा। कार में बैठाकर बक्सर की ओर निकल गए। इसके पूर्व दिल्ली पुलिस सहार थाना क्षेत्र के सेवथा गांव निवासी रंजन सिंह को भी गिरफ्तार कर चुकी है।

सादे लिबास में उठाए जाने के बाद उड़ी अपहरण की अफवाह...

भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-बक्सर फोर लेन पर खरौनी गांव स्थित मंदिर के समीप से सादे लिबास में दो लोगों धर्मेन्द्र व अनिल को उठाने के बाद अपहरण की अफवाह से स्थानीय पुलिस घंटो हलकान रही।

बाद में सच्चाई पता लगने और संपर्क करने के बाद बिहिया पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद दिल्ली पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को बिहिया थाना पहुंची। कागजी प्रकिया की तथा ट्रांजिट रिमांड के लिए शुक्रवार को आरोपितों को सिविल कोर्ट ले गई।

आरोपियों के स्वजन भी थाना पहुंच कर अपहरण की आशंका जताने लगे थे। छानबीन करने के दौरान स्थानीय पुलिस को दिल्ली पुलिस की टीम से काफी मशक्कत के बाद संपर्क हो सका, उस समय दिल्ली पुलिस आरोपितों के साथ पहले बक्सर-डुमरांव क्षेत्र में थी, उन्हें रोका गया और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपियों को ले जाने की हिदायत दी गई। इसके बाद वे आरोपियों को लेकर बिहिया पहुंचे।