आरा में हीट स्ट्रोक से तीन की मौत...

आरा में हीट स्ट्रोक से तीन की मौत...

आरा : प्रचंड गर्मी से बिहार सहित समूचा उत्तर भारत झुलस रहा है। सुबह से ही सूरज की तपिश से लोगों को परेशान कर रही है। तापमान 50 के करीब पहुंच चुका है। वहीं हीटवेव से अब लोगों की जान तक जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटों में हीटवेव से 9 लोगों की मौत हो चुकी है। ये मौतें बेगूसराय, भोजपुर, रोहतास, गोपालगंज, औरंगाबाद और अरवल जिले में हुईं। हीटवेव की वजह से भोजपुर जिले में सबसे ज्यादा तीन लोगों ने अपनी जान गंवाई है। वहीं, गोपालगंज में भी नेपाल जा रहे एक पर्यटक ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। चुनावी ड्यूटी में तैनात सुरक्षाबलों के तीन जवान भी अपनी जवान गंवा चुके हैं।

भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में बुधवार को हीटवेव के कारण 2 बुजुर्ग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एक सड़क पर ही बेहोश हो गए थे। जिन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों में दो बुजुर्ग है और एक युवक शामिल हैं।

पहली घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है। जहां हीट स्ट्रोक के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक जगदीशपुर गांव निवासी 80 वर्षीय चंद्रमा गिरी हैं। इनकी पत्नी शारदा देवी ने बताया कि अचानक उनके हाथ-पैर में झनझनाहट होने लगी तो परिजन उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जा रहे थे।

जहां इलाज के दौरान अचानक उनके पूरे शरीर में कपकपी शुरू हो गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें अमृत घोषित कर दिया। पत्नी शारदा देवी ने बताया कि लू-लगने के कारण उनके पति की मौत हुई है।

दूसरी घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र के नवानगर गांव की है। मृतक बुजुर्ग गजराजगंज ओपी क्षेत्र के नवानगर गांव निवासी 60 वर्षीय गुप्ता नाथ शर्मा हैं। इनके बेटे ने बताया कि मैं काम पर गया हुआ था। तभी घर से फोन कर सूचना दी गई कि पिता की तबीयत खराब है। उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले गया।

जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बेटे ने कहा कि अत्यधिक गर्मी और लू-लगने के कारण पिता की मौत हुई है।

तीसरी घटना बड़हरा थाना क्षेत्र के एकौना गांव की है। जहां हीट स्ट्रोक के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक बड़हरा थाना क्षेत्र के एकौना गांव निवासी केशव प्रसाद सिंह का 30 वर्षीय पुत्र विपिन बिहारी सिंह है। इधर मृतक विपिन बिहारी सिंह के साले ललित कुमार सिंह ने बताया कि वह कोईलवर थाना क्षेत्र के पचैना गांव स्थित गैस प्लांट में काम करने गए थे। जब वह काम कर घर वापस लौट रहे थे।

तभी उन्हें लू लग गई। जिसके कारण वह बबुरा पेट्रोल पंप के पास बेहोश होकर गिर पड़े। ग्रामीणों ने सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के मौला बाग स्थित निजी अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में मौजूद ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉक्टर सूर्यकांत निराला ने बताया कि आज हीट स्ट्रोक के काफी मरीज आए हैं। हाई टेंपरेचर के कारण लोगों के बॉडी का तापमान 107 डिग्री से ऊपर होता है और ऐसी स्थिति में मरीज को पसीना नहीं आता है। वैसे मैरिज जब यहां आते हैं तो हम उन्हें कोल्ड रूम में रखते हैं और प्राथमिक उपचार करते हैं। लेकिन लेट हो जाने के कारण पेशेंट रिकवर नहीं हो पाते हैं।

ऐसे में जिस व्यक्ति का टेंपरेचर हाई हो जाता है। उन्हें कुएं और चापाकल के पानी से पहले नहाना चाहिए। जिसके कारण टेंपरेचर डाउन हो जाता है। उन्होंने बताया कि हीट स्ट्रोक के कारण तीन मरीज की मौत हो चुकी है। जिसमें एक को रेफर कर दिया गया था और ले जाने के दौरान मौत हो गई है।