आरा : हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी गोली...

आरा : हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी गोली...

आरा : नवादा थाना क्षेत्र के करमन स्थित बोरिंग के पास शनिवार की देर शाम रास्ते में हाथ सट जाने के कारण हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। जख्मी किशोर को गोली दाहिने पैर में जांघ पर लगी है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद परिजन द्वारा पहले उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया। उसके बाद वहां से उसे आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जख्मी युवक नवादा थाना क्षेत्र के पूर्वी नवादा रस्सी बागान मोहल्ला निवासी डोमा राय का बेटा अंकित कुमार (17) है। घटना को लेकर आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं, घटना की सूचना पाकर नवादा थानाध्यक्ष कमल जीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन में जुट गए हैं। इधर, अंकित कुमार ने बताया कि शनिवार की देर शाम जब वह बाजार से घर वापस जा रहा था। जाने के क्रम में करमन टोला स्थित बोरिंग के पास एक साइड गाय व एक लड़की खड़ी थी।

उसी कारण वह उधर से ना जाकर दूसरी साइड से जा रहा था। तभी उक्त युवक दूसरी साइड से आ रहे थे। उसी दौरान उक्त युवकों की उससे टक्कर हो गई। इसके बाद उक्त युवकों द्वारा कहा जाने लगा कि क्या तुम्हें दिखाई नहीं देता है। इसी बात को लेकर उनके बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद उक्त युवकों ने उसे गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद परिजन द्वारा उसे पहले इलाज के लिए शहर की निजी अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।

वहीं, दूसरी ओर जख्मी युवक अंकित कुमार ने उक्त युवकों से अपने किसी भी विवाद एवं दुश्मनी की बातों से साफ इनकार किया है। इसके साथ ही उसने मोहल्ले के ही सन्नी सिंह एवं रजनीश मिश्रा नामक युवकों पर टक्कर हो जाने के कारण खुद को गोली मारने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने अस्तर से मामले की छानबीन कर रही है।