अमित शाह जी ने की जीत की भविष्यवाणी यानी मोदी जी की विदाई तय - ललन सिंह

अमित शाह जी ने की जीत की भविष्यवाणी यानी मोदी जी की विदाई तय - ललन सिंह
अमित शाह जी ने की जीत की भविष्यवाणी यानी मोदी जी की विदाई तय - ललन सिंह

 NBL PATNA : जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह  सांसद  राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों की बैठक से बौखलाए जेपी नड्डा जी अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। आपातकाल के दौरान लड़ाई हमारी इंदिरा गांधी जी से नहीं थी, हम तात्कालिक शासन-व्यवस्था से लड़ रहे थे और आज भी हमारी लड़ाई मौजूदा सरकार की तानाशाही नीति और संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ है।


          राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश में आज की स्थिति घोषित आपातकाल से भी बदतर है। विडंबना है कि लोकतंत्र की हत्या करने वाली भाजपा आज आपातकाल की बात कर रही है। 1974 में इमरजेंसी के दौरान तो प्रेस को पुरी आजादी थी मगर आज की तारीख में इलेक्ट्राॅनिक और प्रिंट मीडिया भाजपा के नियंत्रण में है। सारे संवैधानिक संस्थाओं पर मौजूदा सरकार का अवैध कब्जा है। इंदिरा गांधी जी ने कभी विपक्षी दलों के विरुद्ध ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स का दुरुपयोग नहीं किया था मगर आज की सरकार तो जांच एजेंसियों के आड़ में आम लोगों को डरा रही है।

           गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ललन सिंह ने कहा कि अगर अमित शाह जी ऐसा दावा करते हैं कि 300 सीट जीतकर मोदी जी पुनः प्रधानमंत्री बनेंगे तो इसका अर्थ साफ है कि 2024 में भाजपा का बुरी तरह से सफाया होने वाला है। अमित शाह जी जब जब भाजपा के जीत की भविष्यवाणी करते हैं तब तब भाजपा बुरी तरह से हारती है। 2015 बिहार विधानसभा चुनाव में भी अमित शाह जी ने बिहार में सरकार बनाने का दावा किया था मगर चुनाव परिणाम के दिन भाजपा 53 सीट तक सिमटकर रह गई है। पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और हिमाचल चुनाव के दौरान भी गृह मंत्री अमित शाह जी ने भारी बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया था लेकिन हकीकत आज देश की जनता के सामने है लिहाजा अगर आज अमित शाह जी 2024 में पुनः सरकार बनाने का दावा करते हैं यानी अब मोदी जी विदाई तय है।