आरा : अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में बड़हरा थानाध्यक्ष सस्पेंड, चार थानों में नये थानेदार...

आरा : अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में बड़हरा थानाध्यक्ष सस्पेंड, चार थानों में नये थानेदार...

आरा : भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बड़हरा थाना के थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश को कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिसके बाद से भोजपुर पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। इस बीच पुलिस अधीक्षक ने जिले की विधि-व्यवस्था को सुधारने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए कई थानाध्यक्षों को इधर से उधर किया है। बताया कि महिला थाना की थानाध्यक्ष नीतू प्रिया को धनगाई थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। महिला थाने में पदस्थापित अंशु कुमारी को महिला थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

तरारी के थानाध्यक्ष विजय कुमार को दो साल के कार्यकाल पूरा होने के बाद स्थानांतरण कर उन्हें बड़हरा थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि, धनगाई में पदस्थापित थानाध्यक्ष पी भास्कर को तरारी थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। इस बीच एक थानाध्यक्ष के निलंबन और कई थानाध्यक्षों के स्थानांतरण के बाद जिले में आगे भी उलट-फेर होने की विभाग में चर्चा हो रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्य में लापरवाही कभी भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में एनडीपीसी एक्ट, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था क़ो ध्यान में रखते हुए काम करना होगा। पुलिस-पब्लिक के बीच मैत्री संबंध को भी ज्यादा से ज्यादा स्थापित करने में काम करना होगा। इससे पुलिस विभाग को समय पर सटीक सूचना मिल सकेगी।

एसपी ने बताया कि बड़हरा के थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश की लगातार लापरवाही की शिकायत मिल रही थी। आदेश के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी और गंभीर कांडों के निष्पादन में शिथिलता बरती जा रही थी।