आरा : लूटपाट के 3 बड़े कांडों का राजफाश, पुलिस ने 6 को किया गिरफ्तार...

आरा : लूटपाट के 3 बड़े कांडों का राजफाश, पुलिस ने 6 को किया गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर पुलिस ने लूटपाट के तीन अलग-अलग बड़े कांडों का राजफाश किया है। साथ ही कांड में संलिप्त छह बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके अलावा हथियार, गोली व लूटा गया माेबाइल सेट भी बरामद किया गया है। कांड में प्रयुक्त बाइक व स्‍कॉर्पियो गाड़ी जब्त की गई है। इसकी जानकारी शुक्रवार को भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

आम व्‍यवसायी से लूटपाट का मामला...

एसपी ने बताया कि सात जून को कृष्णागढ़ थाना के बेला मोड़ पर एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर गुंडी गांव निवासी आम व्यवसायी भोला से लूटपाट की थी। लूटपाट के दौरान पांच हजार रुपये छीन लिए थे। इस मामले में सदर एएसपी चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने कांड में संलिप्त पुराने हिस्ट्रीशीटर सरैया निवासी ठाकुर यादव को धर दबोचा। तलाशी के दौरान एक देसी पिस्तौल, गोली व कांड में प्रयुक्त बाइक को बरामद किया गया।

पूछताछ किए जाने पर बताया कि वह पहले से दो हत्या समेत सात कांडों में चार्जशीटेड रहा है। साल 2016 से ही उस पर अपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में कांड में संलिप्त अन्य सदस्यों के भी नाम बताए हैं। छापेमारी टीम में कृष्णागढ़ थानाध्यक्ष विवेक कुमार समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

स्‍कॉर्पियो सवार बदमाशों ने की थी लूटपाट...

इसी तरह आठ जून की रात दो बजे आरा मुफस्सिल थाना अन्तर्गत आरा-सरैया पथ पर जगवलिया के पास आइसक्रीम कंपनी की गाड़ी के चालक व कर्मी से स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने दो मोबाइल, सोने का लॉकेट व 40 हजार नकद लूट लिये थे। इसे लेकर संबंधित थाना में प्राथमिकी कराई गई थी।

इस दौरान गाड़ी नंबर के आधार पर टीम ने पहले परिवहन विभाग से आनर के बारे में पता लगाया। जांच में पता चला कि गाड़ी आनर सरैया निवासी मंतोष साह की है। पूछताछ के आधार पर घेघटा बगीचा से कांड में प्रयुक्त स्‍कॉर्पियो गाड़ी को जब्त किया गया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि घेघटा गांव से एक बरात चांदी गांव गई थी। रात में लौटने के क्रम में इस घटना को अंजाम दिया गया था।

पुलिस ने कांड में संलिप्त दो सदस्यों कृष्णागढ़ थाना के देवरियां निवासी सोमारू सिंह उर्फ सोमनाथ सिंह व मुफस्सिल थाना के घेघटा निवासी हैदर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लूटे गए दोनों मोबाइल को बरामद कर लिया गया। टीम में इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे। टीम ने 12 घंटे के अंदर कांड का पर्दाफाश किया है।

मोबाइल लूटने वाला गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे, सात मोबाइल बरामद...

धनगाई थाना पुलिस ने माेबाइल लूटने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। लूटे गए सात मोबाइल भी बरामद किया गए हैं। एसपी प्रमोद कुमार के अनुसार, जगदीशपुर के कोतवाली निवासी निप्पू चाैधरी,जगदीशपुर न्यू सब्जी मंडी निवासी समीर कुमार व जगदीशपुर हाट पोखर निवासी मंटु कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी ने बताया कि तीन जून को रात साढ़े बारह बजे एक ऑटो सवारियों को लेकर आरा रेलवे स्टेशन जा रही थी। इस बीच हाइवे पर नयका टोला मोड़ के पास बाइक सवार आठ बदमाशों ने ऑटो काे घेरकर एक मोबाइल व पन्द्रह साै रुपये लूट लिये थे। इसे लेकर जगदीशपुर एसडीपीओ राजीव चन्द्र के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। तकनीकी सूत्र के आधार पर गैंग से जुड़े सदस्यों को धर दबोचा गया।

विश्वविद्यालय के गार्ड को गोली मारने में एक गिरफ्तार...

उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत देवरिया-पियनिया गांव के बीच वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के गार्ड को गोली मारे जाने में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया शंभू यादव उर्फ शंभू सिंह उदवंतनगर के जयनगर गांव का निवासी है।

एसपी ने बताया कि 31 मार्च की शाम जयनगर गांव निवासी विजय सिंह उर्फ विनय सिंह विश्वविद्यालय से ड्यूटी कर साइकिल से अपने घर जा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। पूर्व में भी कुछ आरोपि‍यों को पकड़ा गया था।