आरा : दिवाली की खरीदारी करने गए थे घर के लोग, छात्रा ने लगा ली फांसी...

आरा : दिवाली की खरीदारी करने गए थे घर के लोग, छात्रा ने लगा ली फांसी...

आरा : भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के सिन्हा ओपी अंतर्गत पोरहां गांव में शनिवार की रात पंखे की कुंडी से लटके हालत में एक छात्रा का शव बरामद किया गया। मृत छात्रा 18 वर्षीय अंतिमा कुमारी बड़हरा थाना क्षेत्र के सिन्हा ओपी अंतर्गत पोरहां गांव निवासी लक्ष्मी साव की पुत्री थी।

वह स्नातक पार्ट टू की छात्रा थी। गर्दन पर निशान पाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। शुरुआती जांच में आत्महत्या करने संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गांव जाकर छानबीन की। स्वजनों से भी पूछताछ की गई।

इधर, मृत छात्रा की बड़ी बहन रूबी कुमारी ने बताया कि शनिवार की शाम सभी लोग दीपावली त्यौहार को लेकर घर की रंगाई-पुताई के लिए पेंट व चुना लाने सरैया बाजार गए थे और वह घर पर अकेली थी। जब वे लोग बाजार कर घर वापस लौटे और उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया तो उसने दरवाजा नहीं खोला।

इसके बाद उसने अपनी मां से कहा की खिड़की से झांक कर देखो शायद वह सो रही होगी। जब उसकी मां ने खिड़की से झांक तो उन्होंने देखा कि वह गले में दुपट्टा बांधकर पंखे के कुंडी से लटकी हुई थी। इसके बाद स्वजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसके शव को नीचे उतारा।

इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। दूसरी ओर मृत छात्रा की बहन रूबी कुमारी ने घर के किसी भी सदस्य से किसी विवाद की बातों से साफ इंकार किया है। साथ ही उसने पड़ोस के लोगों से अक्सर झगड़ा होने के कारण गले में दुपट्टा बांधकर पंखे की कुंडी से लटकने की आशंका जताई है।

हालांकि,कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। छात्रा अपने तीन बहन व एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में मां आशा देवी व दो बहन पूजा, रूबी एवं एक भाई रोहित है। मृत छात्रा की मां आशा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।