आरा में ताजिया जुलूस पर पथराव, शराब के नशे में दो भाई गिरफ्तार...

आरा में ताजिया जुलूस पर पथराव, शराब के नशे में दो भाई गिरफ्तार...

आरा : आरा शहर में चेहल्लुम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस पर पथराव की खबर आई है। गुरुवार देर रात जुलूस के दौरान शरारती तत्वों ने पथराव कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। अचानक ईंट-पत्थर चलने से जुलूस में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए मामला शांत करा दिया गया। पत्थर लगने से दो लोगों को चोट आई है। वहीं, पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि चेहल्लुम के अवसर पर गुरुवार की रात शहर के कई इलाकों से ताजिया जुलूस निकाला गया था। जिसे देखने के लिए शहर के सभी जगहों की महिलाएं बच्चे एवं अन्य लोग शीश महल चौक पर इकट्ठे हुए थे। जैसे ही ताजिया जुलूस शीश महल चौक होते हुए गोपाली चौक की ओर बढ़ रही थी। उसी दौरान शीश महल चौक स्थित ज्वेलरी दुकान के छत मौजूद असामाजिक तत्वों द्वारा पहले महावीरी झंडा दिखाया गया, उसके बाद ताजिया जुलूस के ऊपर रोडबाजी कर दी गई।

जिसको लेकर लोगों के बीच भगदड़ मच गई। इसके बाद नीचे खड़े आक्रोशित लोगों ने भी उक्त मकान पर जमकर रोडबाजी की। जिसके कारण मकान की खिड़की में लगे शीशे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान महिला बच्चे एवं पुरुष समेत एक दर्जन लोग आंशिक रूप से जख्मी हो गए। वहीं ड्यूटी पर तैनात टाउन थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए। देखते ही देखते पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने पत्थराबी की घटना में शामिल दो भाइयों को शराब के नशे में गिरफ्तार किया है। इन दोनों भाइयों पर आरोप है कि इनके घर से पथराव शुरू हुआ था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचना के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर डीएम राज कुमार, एसडीम ज्योति नाथ सहदेव, एसपी प्रमोद कुमार व एएसपी चंद्र प्रकाश सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी पदाधिकारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि अभी स्थिति सामान्य है।

इस मामले में भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात जन्माष्टमी के साथ-साथ चेहल्लुम के भी सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए थे। अंतिम जुलूस जो धरहरा के पास से निकल चुका था और वह विसर्जन के कगार पर था तभी शीश महल चौक पर एक घर के ऊपर से दो भाइयों ने दो-तीन इट नीचे फेंक दिया जिसके नीचे लोगों में भगदड़ मच गई।

उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी और बल ने तुरंत वरीय पदाधिकारी को सूचना दी और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसके बाद एसपी, डीएम के अलावा कई पदाधिकारी भी 10 से 15 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। किसी भी प्रकार से कोई तोड़फोड़ नहीं हुई है। केवल एक व्यक्ति को माथे पर चोट लगी है और एक व्यक्ति को हाथ पर ईंट लगा था। इसके अलावा कोई भी चोटिल नहीं हुआ है। दोनों आरोपित भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भीड़ में जिसने पत्थर चलाया है सीसीटीवी फुटेज से चिह्नित करते हुए कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने बताया कि शीश महल चौक के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण जगह पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। पुलिस जगह-जगह पेट्रोलिंग भी कर रही है। शुक्रवार को शांति समिति की मीटिंग बुलाई गई है।