आरा : गवाह को पीटने वाले को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, गिरफ्तार आरोपी को पुलिस से छुड़ाया...

आरा : गवाह को पीटने वाले को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, गिरफ्तार आरोपी को पुलिस से छुड़ाया...

आरा : शाहपुर के बरिसवन गांव में बुधवार को मारपीट, पुलिस पर रोड़ेबाजी और फायरिंग को लेकर काफी देर तक अफरातफरी मची रही। बताया जा रहा है कि गबन के केस में गवाही देने को लेकर बरिसवन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी और ग्रामीण भोला पासवान के बीच विवाद चल रहा था।

बुधवार की दोपहर गवाही देने के विवाद में बरिसवन गांव निवासी मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी व उनके समर्थकों द्वारा भोला पासवान के साथ मारपीट ही जाने लगी। उस दौरान फायरिंग भी की गयी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस पहुंची और मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। तभी उनके समर्थकों की ओर से अचानक पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी गयी और मुखिया प्रतिनिधि को छुड़ा लिया गया। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि भोला पासवान और बरीसवन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी व उनके लोगों के बीच पूर्व के विवाद को लेकर गाली-गलौज हुआ ।

मारपीट और फायरिंग की भी सूचना थी। उस आधार पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस रिंकू तिवारी को गिरफ्तार करके लाने लगी। तभी उनके लोगों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी। रिंकू तिवारी को भी पुलिस से छुड़ा लिया। इसके बाद हालात को देखते हुए पुलिस को आत्मरक्षा में एक दो राउंड फायरिंग करनी पड़ी। तब भीड़ पीछे हटी और स्थिति शांत हो सकी। उसके बाद भोला पासवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम भेजी गयी है। टीम अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी कर रही है। जल्द ही सभी अभियुक्तों की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि भोला पासवान द्वारा बरिसवन पंचायत में सरकारी योजनाओं में गबन की शिकायत की गई थी। जांच के बाद उस मामले में बीडीओ की ओर से शाहपुर थाने में कांड संख्या 466 /23 और 467/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा पिछले दिनों केस की जांच की गयी थी। उस दौरान भोला पासवान द्वारा केस के समर्थन में अपना बयान दिया गया था।

उसे लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। उसके बाद मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी और उनके समर्थकों द्वारा भोला पासवान के साथ मारपीट की गई। इधर, घटना के बाद क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। हालांकि पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।