भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सेल्फी लेने के चक्कर में 5 लड़कियां डूबीं.. 3 का मिला शव...

भोजपुर में दर्दनाक हादसा, सेल्फी लेने के चक्कर में 5 लड़कियां डूबीं.. 3 का मिला शव...

आरा : भोजपुर में सोन नदी में 5 लड़कियां डूब गईं। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की मदद से तीन शवों को बरामद किया गया है। दो की तलाश की जा रही है। डूबने वालों में एक महिला और चार किशोरी है। इनमें से एक की पिछले साल ही शादी हुई थी।

शनिवार की शाम जिउतिया पर्व पर घाट पर सभी स्नान और पूजा करने गई थीं। सेल्फी लेने के चक्कर में एक लड़की डूब गई। उसे बचाने के दौरान एक-एक कर पांचों डूब गई। घटना चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा दक्षिणी घाट की है।

मृतका के भाई साहिल ने बताया कि सभी नहाने के दौरान नदी में एक-दूसरे पर पानी फेंक रही थीं। मैंने देखा था, तभी अचानक से दीदी बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी। मैंने बहुत आवाज लगाई लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया। इतने में सब डूबने लगीं, मुझे बस उनके सिर दिखाई दे रहे थे। सभी नदी में पानी फेंककर खेल रही थीं, तभी एक का पैर फिसला और वो डूबने लगी। उसे बचाने के दौरान एक-एक कर पांचों डूब गईं।

डूबने वालों में 2 लड़कियां एक परिवार की वहीं तीन एक परिवार से थीं। घटना के बाद देर रात तक स्थानीय लोगों ने खोजबीन की थी लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार सुबह से ही स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की। सुबह 7 बजे के करीब 3 लड़कियों का शव मिला।

कोइलवर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी ऋषभ कुमार की पत्नी अनिता कुमारी (20)। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मिल्की गांव निवासी दशरथ यादव की बेटी निशा कुमारी (18) (अनिता की ममेरी बहन)। चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदी गांव निवासी चितरंजन वर्मा की बेटी सुमन कुमारी और चंद्रावती कुमारी, दोनों सगी बहन थी। चांदी थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी देवेंद्र वर्मा की की बेटी अंजली कुमार (20) (चचेरी बहन) है।

सुमन कुमारी नौवीं, चंद्रावती कुमारी मैट्रिक पास और अंजली ग्रेजुएशन की छात्रा है। अनिता की शादी मार्च 2022 में हुई थी। तीन दिन पहले वह अपने मायके आई थी। जबकि उसकी ममेरी बहन निशा रक्षाबंधन में आई थी। रविवार सुबह सुमन, चंद्रावती और निशा का शव बरामद किया गया है।

अनिता कुमारी के पिता ददन यादव ने बताया- गांव की कई महिलाएं बहियारा घाट पर स्नान करने के लिए आई थी। यहां घाट पर पूजा की और उसके बाद नहाने के दौरान डूब गई। इस घटना में एक मेरी बेटी और एक मेरे साले की बेटी डूबी है। वहीं अब तक किसी का कुछ पता नहीं चल पाया है।

ASI नथुनी सिंह ने बताया - शाम में करीब पांच बजे सूचना मिली कि बहियारा दक्षिणी घाट पर सोन नदी में 5 लड़कियां डूब गई है। इसके बाद थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी की गई। वहीं, अधिकारियों ने SDRF और NDRF की टीम को सूचना दी। फिलहाल अभी तक किसी की बॉडी नहीं मिली है।