आरा : वर्चस्व व दहशत पैदा करने को लेकर हुई थी फायरिंग, 12 लड़कों पर केस, धरपकड़ में जुटी पुलिस...

आरा : वर्चस्व व दहशत पैदा करने को लेकर हुई थी फायरिंग, 12 लड़कों पर केस, धरपकड़ में जुटी पुलिस...

आरा : नवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर स्थित पाल मार्केट के पास लड़कों के दो गुट के बीच फायरिंग को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी। दारोगा सुबोध कुमार के बयान पर दर्ज केस में दोनों गुटों के करीब 10-12 लड़कों को आरोपित किया गया है। इसमें दोनों गुट के पांच-छह लड़के शामिल हैं। सभी लड़कों की उम्र 15 से 20 साल बतायी गयी है। हालांकि लड़कों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना का कारण वर्चस्व और दहशत पैदा करना बताया गया है। तीन राउंड फायरिंग की बात कही गयी है।

इधर, छानबीन के दौरान घटनास्थल से पुलिस ने एक बुलेट का अग्रभाग और एक जोड़ी हवाई चप्पल जब्त किया है। प्राथमिकी के अनुसार फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची, तब तक सभी लड़के भाग गये थे। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि दो गुटों के 10-12 लड़के किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहे थे। उसी क्रम में तीन राउंड फायरिंग की गयी। उसके बाद सभी भाग गये। सभी लड़कों की उम्र 15 से 20 साल थी। पुलिस लड़कों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है।

बता दें कि मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे विष्णु नगर स्थित पाल मार्केट के पास लड़कों के दो गुटों में मारपीट और फायरिंग हुई थी। हालांकि उसमें किसी को चोटें नहीं आयी थीं। सूचना मिलने पर तत्काल एएसपी के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब तक सभी लड़के भाग निकले थे।