आरा : दो बंदूक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख 76 हजार कैश बरामद, एक पिस्टल और 51 गोली भी जब्त...

आरा : दो बंदूक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 7 लाख 76 हजार कैश बरामद, एक पिस्टल और 51 गोली भी जब्त...

आरा : भोजपुर पुलिस ने अलग-अलग दो जगहों पर छापेमारी कर तीन अवैध हथियारों के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक देसी पिस्टल, दो दोनाली बंदूक और 51 कारतूस बरामद किया गया है। इसकी जानकारी एसपी प्रमोद कुमार यादव ने दी। उन्होंने बताया कि सात लाख 76 हजार नगद भी जब्त किया गया है। पकड़ा गया बदमाश पीरो थाना क्षेत्र के हुंकार टोला निवासी इंद्रदेव सिंह के पुत्र दिलीप कुमार उर्फ रामु है।

हथियारों की बरामदगी को लेकर अलग-अलग प्राथमिकी की गई है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया में पीरो थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिलीप कुमार उर्फ रामू अपने घर में अवैध हथियार रखा हुआ है और किसी घटना को अंजाम देने के प्रयास में लगा है। इस दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी की। हंकार टोला गांव में दिलीप कुमार के घर को चारों तरफ से घेर लिया गया।

तलाशी के दौरान एक कमरे से एक देसी पिस्टल, एक दोनाली बंदूक 41 कारतूस एवं सात लाख 76 हजार 850 रुपये बरामद किया गया। साथ ही दिलीप उर्फ रामू को धर दबोचा गया। दिलीप पूर्व में आर्म्स एक्ट मामले में जेल भी जा चुका है। टीम में दारोगा मनीष कुमार एवं बुटन सिंह शामिल थे।

उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गड़हां गांव में पुलिस ने छापेमारी कर दोनाली बंदूक लहराते एक बदमाश को धर दबोचा गया। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पकड़ा गया हरेन्द्र सिंह उर्फ लाला यादव गड़हां गांव का निवासी है। एक दोनाली बंदूक, दस कारतूस व दो खोखा बरामद किया गया है। इसे लेकर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी की गई है। पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

उदवंतनगर थाने में पूर्व के दो केस मिले, जो एससी-एसटी एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गड़हां गांव में एक शख्स अवैध हथियार लहरा रहा है। इसके बाद थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस को देख उक्त शख्स छत से कूदकर भागने लगा। बाद में पीछा कर लाला यादव को धर दबोचा गया। निशानदेही पर मकान की तलाशी ली गई।

इस दौरान कमरे से एक दोनाली बंदूक, 10 कारतूस व दो खोखा बरामद किया गया। बरामद खोखा के बारे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि उसने कहां फायरिंग की थी। टीम में दारोगा सुधीर सिंह एवं प्रशिक्षु दारोगा नीतीश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इसे लेकर प्राथमिकी की गई है।