आरा : खटाल संचालक की हत्या में दो गिरफ्तार...

आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र के एकौना में खटाल संचालक रामायण सिंह की हत्या में पुलिस की कार्रवाई काफी तेज हो गयी है। मामले में पुलिस की ओर से जहां दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार चल रहे दो आरोपितों के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। दोनों के खिलाफ वारंट भी मिल गया है।

गिरफ्तार आरोपितों में उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव निवासी निरंतर सिंह और छोटू सिंह उर्फ अजीत सिंह शामिल हैं। इनमें एक को पटना के बिहटा जबकि दूसरे को आरा के समीप से गिरफ्तार किया गया है। एसपी प्रमोद कुमार की ओर से सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात खटाल में खाने-पीने से मना करने पर तेतरियां गांव निवासी संचालक रामायण सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। उस मामले में उनके पुत्र सिंटू कुमार के बयान पर दक्षिण एकौना गांव के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की जा रही थी। उस क्रम में टीम द्वारा पहले छोटू सिंह उर्फ अजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सूचना के आधार पर निरंतर सिंह को बिहटा से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि दो आरोपित अभी फरार चल रहे हैं। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। साथ ही वारंट और कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई की जायेगी।