आरा से चुनावी शंखनाद करेंगे चिराग पासवान, विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन...

आरा से चुनावी शंखनाद करेंगे चिराग पासवान,  विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन...

आरा : आरा के ऐतिहासिक रमना मैदान से लोजपा (रा.) के अध्यक्ष चिराग पासवान चुनावी शंखनाद करेंगे। नव संकल्प महासभा के जरिए विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन करेंगे। सात जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बुलाया गया है। एक लाख लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।

कार्यक्रम को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में भव्य पंडाल और स्टेज बनाया गया है। पंडाल की लंबाई 300 फीट और चौड़ाई 100 फीट है। स्टेज की लंबाई 28 फीट और चौड़ाई 48 फीट है। पंडाल में करीब दस हजार कुर्सियां लगाई गई है। पीने के पानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

महासभा से पहले चिराग पासवान ने कहा, 'लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास एक बड़ी सभा का आयोजन करने जा रही है। इसको आप शुरुआत मानिए। विधानसभा चुनाव से पहले शंखनाद होने जा रहा है। बिहार के अलग-अलग इलाकों में पांच-छह जिलों का एक समूह बनाकर हमारी पार्टी बड़ी सभाएं कर रही है। जिसमें स्थानीय इकाई की मुख्य भूमिका रहेगी। भोजपुर, रोहतास, बक्सर कैमूर समेत सात जिलों से लोग आएंगे।

मैं विधानसभा का चुनाव लडूंगा या नहीं। इन तमाम विषयों पर चर्चा चल रही है। अंतिम मुहर पार्लियामेंट्री बोर्ड की तरफ से ही लगेगी। कुछ लोग मेरे चुनाव लड़ने को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। स्पष्ट तौर पर बता देना चाहता हूं कि अगर मैं विधानसभा का चुनाव लडूंगा तो उसके पीछे की सोच अपनी पार्टी के स्ट्राइक रेट को मजबूत करना होगा। गठबंधन को मजबूती देना होगा।

चिराग पासवान के बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है। ऐसी चर्चा है कि शाहाबाद के किसी सीट से खुद चुनाव लड़ सकते हैं। आरा, संदेश, जगदीशपुर या फिर शाहपुर से चुनाव लड़ने की संभावना है। इस सीट पर पार्टी के नेता अपने स्तर से सर्वे कर रहे हैं। सीटों के चयन को लेकर पार्टी मंथन करने में जुटी है।

पिछले दिनों लोजपा रामविलास पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चा की बैठक हुई। जिसमें कई प्रस्ताव पास किए गए। सबसे महत्वपूर्ण था कि चिराग पासवान को विधानसभा चुनाव लड़ने का। चिराग पासवान बिहार विधानसभा का चुनाव नीतीश कुमार के अगुआई में लड़ेंगे और एनडीए की मजबूती के लिए साथ प्रचार करेंगे।

2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में आधी से अधिक सीटों पर एलजेपी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए से अलग होकर अकेले चुनाव मैदान में उतरे चिराग ने शाहाबाद की 22 सीटों में से 11 पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन 6 प्रत्याशी 16 फीसदी वोट लाने में भी नाकाम रहे।

भोजपुर के अगिआंव, बक्सर के डुमरांव और राजपुर, रोहतास की सासाराम, करहगर और नोखा सीट पर जमानत जब्त हो गई थी। बड़ी मुश्किल से एलजेपी कैंडिडेट संदेश, जगदीशपुर, ब्रह्मपुर, चेनारी और दिनारा में पार्टी की लाज बचाने में सफल हुए थे।

लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान दोपहर 12:30 बजे पटना श्रीकृष्णापुरी से प्रस्थान करेंगे। दोहपर 2:30 बजे बाबू वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 3:45 बजे स्टेडियम से प्रस्थान करेंगे। शाम 6:15 बजे बख्तियारपुर, सालीपुर, ग्यासपुर महाजी, गंगा घाट पर पूजा और महा आरती में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:45 में पटना के लिए प्रस्थान करेंगे ।