आरा : अपराधियों ने पूर्व मुखिया को मारी गोली...

आरा : अपराधियों ने पूर्व मुखिया को मारी गोली...

आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत दक्षिण एकौना -तेतरिया मोड़ के समीप गुरुवार की दोपहर हथियार बंद बदमाशों ने स्कॉर्पियो में सवार एक पूर्व मुखिया को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते हुए आसानी से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

पूर्व मुखिया को एक गोली बाएं हाथ में बांह पर एवं दूसरी गोली उसी हाथ में कलाई एवं केहुनी के बीच लगी है। इसके अलावा अपराधियों ने उनके स्कॉर्पियो पर भी ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारी। जिसके कारण स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और टायर पंचर हो गया।

जख्मी पूर्व मुखिया गड़हनी थाना क्षेत्र के बगवां गांव निवासी स्व. गिरजा प्रसाद सिंह के 55 वर्षीय पुत्र सह गड़हनी प्रखंड के बगवां पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह है। इलाज आरा शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के मूल में पूर्व से जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही

इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूर्व के विवाद में अपराधियों ने उनके हाथ में गोली मारी है। घायल खतरे से बाहर है। गोली मारने वाले परिचित हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना की गहराई से जांच कर छानबीन की जा रही है।

इधर पूर्व मुखिया विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने इससे पहले भी उन लोगों पर उदवंतनगर थाना में केस किया था। जिसको लेकर वह जेल भी गए थे। उसी समय से वे लोग द्वारा उन्हें टारगेट किया जा रहा था।

गुरुवार की सुबह वे अपने पार्टनर मोहन से मिलने के लिए उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना गांव गए थे। वहां से मिलकर स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे कि रास्ते में पेड़ की आड़ में छिपे तीन की संख्या में हथियार बंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें दो गोली उन्हें लग गई और तीन राउंड फायरिंग उनके गाड़ी पर भी की गई।