आरा : खुद की लाइसेंसी हथियार से रिटायर्ड फौजी ने सिर में गोली मार कर ली खुदकुशी...

आरा : खुद की लाइसेंसी हथियार से रिटायर्ड फौजी ने सिर में गोली मार कर ली खुदकुशी...

आरा : सहार थाना क्षेत्र के सेवथा गांव में गुरुवार की शाम एक रिटायर्ड आर्मी जवान ने लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक 55 वर्षीय दिनेश सिंह सहार थाना क्षेत्र के सेवथा गांव निवासी स्व.बिहारी सिंह के पुत्र थे। वे वर्ष 2023 में पटना के दानापुर स्थित बिहार बटालियन (4) से सेवानिवृत्त हुए थे।

मृतक के भतीजे संजय सिंह ने बताया कि रिटायर्ड होने के बाद से वे मानसिक रूप से परेशान रहते थे। गुरुवार की शाम उनका पुत्र भी घर पर नहीं था। इस बीच उन्होंने लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में खुद से गोली मार ली। उन्हें इलाज के लिए आरा ला रहे थे, तभी उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उन्हें शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भतीजे संजय सिंह ने उनके घर में किसी भी कलह एवं किसी भी प्रकार की विवाद की बातों से साफ इंकार किया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सहार थाना के सेवथा गांव में आर्मी से रिटायर्ड दिनेश कुमार सिंह ने खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पहले पुलिस को सूचना नहीं दी और घायल को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में दिखाया। जहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 

पुलिस हथियार को जब्त करने तथा प्राथमिक दर्ज करने की प्रक्रिया कर रही है। प्राथमिक जांच में यह बात आ रही कि मानसिक रूप से परेशान रहते थे। किसी से भी लड़ते- झगड़ते रहते थे। घटना के कारण का सत्यापन किया जा रहा है।