आरा : दुकान में घुसकर पिस्टल के बल पर मांगी थी रंगदारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार...

आरा : गड़हनी थाने की पुलिस ने मिठाई दुकानदार से रंगदारी मांगने वाले एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गड़हनी स्थित पशु मेले के पास से उसे गिरफ्तार किया गया है। वह चरपोखरी थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव निवासी लाल बिहारी सिंह का पुत्र सोनू कुमार यादव है। 

उसके पास से एक देसी कट्टा, दो गोली, एक बाइक और एक मोबाइल बरामद किया गया है। वह गड़हनी और चरपोखरी थाने में पूर्व में दर्ज हत्या के मामलों में भी आरोपित रहा है। इसकी जानकारी एसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा दी गई। एसपी बताया कि अरवल जिले के कौदराबाद गांव निवासी जज प्रसाद की गड़हनी बाजार पर पंकज स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान है। बीते 25 अगस्त को अपराधी सोनू कुमार यादव उनकी दुकान में गया और हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की।

तब उसके द्वारा मिठाई दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। उसका वीडियो भी सामने आया था। उस मामले में दुकानदार के बयान पर गड़हनी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। तब उसकी गिरफ्तारी को लेकर सहायक पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी। हालांकि उस घटना के बाद वह फरार हो गया था।

टीम को सूचना मिली कि वह गांव आया है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में गड़हनी पशु मेला के पास खड़ा है। उस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गड़हनी थानाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता द्वारा पुलिस बल के साथ छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, दो गोली, रंगदारी मांगने के समय इस्तेमाल बाइक और मोबाइल बरामद किया गया।

हथियार की बरामदगी में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। एसपी ने बताया कि जनवरी 2022 में गड़हनी थाना क्षेत्र के रत्नाढ़ गांव के समीप में मछुआरा टोला निवासी बबन सिंह की हत्या में वह आरोपित है। उसके अलावे चरपोखरी थाना क्षेत्र के काउप गांव में 2021 बारात में नाच प्रोग्राम के दौरान दो लोगों को गोली मारने में भी उसका नाम आया था।