सीमांचल में बड़ा एक्शन प्लान, अमित शाह की चेतावनी— गरीबों का हक खाने वालों पर कार्रवाई !
सीमांचल में बड़ा एक्शन प्लान, अमित शाह की चेतावनी— गरीबों का हक खाने वालों पर कार्रवाई !
अररिया में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि घुसपैठ के खिलाफ जल्द व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा की सुरक्षा मजबूत की जा रही है और 556 किमी बॉर्डर रोड का निर्माण तेजी से चल रहा है !
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अररिया में कहा कि भारत की जमीन पर रह रहे सभी अवैध घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई चुनावी बयान नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति और मजबूत संकल्प है, जिस पर जल्द कार्रवाई शुरू होगी. बॉर्डर आउट पोस्ट लेटी और इंदरवा के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कार्यों की सराहना भी की.
नेपाल सीमा पर सतर्कता जरूरी
अमित शाह ने कहा कि नेपाल हमारे लिए एक मित्र देश है और दोनों देशों के बीच खुली सीमा व्यवस्था है, लेकिन कुछ तत्व इसका गलत फायदा उठाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को सचेत रहने की जरूरत बताते हुए कहा कि दुश्मन ताकतें सीमा का उपयोग कर देश में प्रवेश करने की कोशिश कर सकती हैं.
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा सड़क परियोजना के तहत 556 किलोमीटर लंबी सड़क को मंजूरी दी गई है. इसमें 18 में से 14 हिस्सों का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष चार भागों में तेजी से निर्माण जारी है. सड़क बनने से सुरक्षा बलों की निगरानी क्षमता बढ़ेगी और सीमावर्ती गांवों के विकास को भी गति मिलेगी.
अवैध अतिक्रमण हटाने की तैयारी
गृह मंत्री ने कहा कि सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में मौजूद अवैध अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया जाएगा. साथ ही घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी. उनका कहना था कि अवैध घुसपैठ का असर केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे गरीबों के राशन वितरण और युवाओं के रोजगार के अवसरों पर भी प्रभाव पड़ता है.
उन्होंने सीमांचल क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय जानकारी और जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सकेगा. सरकार का उद्देश्य सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी आगे बढ़ाना है.