आरा : बदमाशो ने डीलर की पत्नी को मारी गोली...

आरा : बदमाशो ने डीलर की पत्नी को मारी गोली...

आरा : बिहिया थाना के बिहिया चीक टोली मोहल्ला में शुक्रवार की देर शाम रंगदारी देने से मना करने पर एक महिला को बदमाशों ने उसके घर के दरवाजे पर ही गोली मार दी। आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिहिया में ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया गया।

जख्मी का नाम रंजू देवी (50 वर्ष) है। वह मूल रूप से तीयर थाना क्षेत्र के अंधारी बाग गांव की रहने वाली है। पीडीएस दुकानदार उमेश सिंह की पत्नी है। वह वर्तमान में बिहिया थाना के बिहिया चीक टोली मोहल्ले वार्ड नंबर 5 में करीब 25 वर्षों से अपने मकान रहती है।

अपराधियों ने पीडीएस दुकानदार की पत्नी को 2 गोली मारी गई है। एक गोली सीने में और दूसरी गोली दाहिने बांह में लगी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। 

इधर, रंजू देवी ने बताया कि उनके पति उमेश सिंह वार्ड नंबर पांच में जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं। तीन माह पूर्व दो लड़कों द्वारा उनसे रंगदारी में कुछ रुपये की मांग की गई थी। तब उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया था। इसे लेकर उनसे विवाद चला आ रहा है।

शुक्रवार की शाम वह अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी। तभी दोनों बदमाश बाइक से आए और रंगदारी मांगने लगे। इस बार भी उन्होंने पैसे देने मना कर दिया और दोनों को गाली देने लगी। उस दौरान बदमाशों द्वारा पहले एक राउंड हवाई फायरिंग की गयी। उसके बाद उनको ताबड़तोड़ दो गोली मार दी। 

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि बिहिया थाना क्षेत्र के चिक टोली मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति का फिनगी निवासी एक शख्स से कुछ पैसे की लेन-देन का विवाद था। उसी को लेकर शुरू हुए झगड़े के दौरान गोली चला दी गई। इसमें एक महिला को गोली लग गयी। महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अभियुक्त घर से फरार है। जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए छापामारी जारी है।