आरा : हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी चार गोली...

आरा : हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी चार गोली...

आरा : टाउन थाना क्षेत्र के बिंद टोली मोहल्ले में रविवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशो ने एक युवक को चार गोली मारी। गोली लगते ही वह खून से लतपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद परिजन ने उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया। जख्मी युवक बिंद टोली मोहल्ला निवासी भारत भूषण विश्वकर्मा का 21 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार उर्फ यश है।

घायल युवक को एक गोली दाएं साइड सीने, दूसरी गोली बाएं हाथ, तीसरी गोली दाएं साइड जांघ एवं चौथी गोली दाएं साइड पेट के निचले हिस्से में लगी है। इसमें तीन गोली आरपार हो चुकी है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष संजीव कुमार मामले की छानबीन में जुट गए हैं। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि हमले में घायल युवक के परिवार की लड़की से एक आरोपित ने प्रेम-विवाह किया है। इसको लेकर पहले से विवाद चलने की बात सामने आ रही है।

इधर जख्मी युवक हिमांशु कुमार ने बताया कि मोहल्ले के ही विशाल नामक युवक से कुछ माह से घरेलू विवाद चल रहा है। रविवार की देर शाम जब वह बिंद टोली मोहल्ला स्थित पानी टंकी के समीप खड़ा था। तभी युक्त युवक अपने दो साथियों के साथ हथियार लेकर वहां धमका और चार गोलियां मार दी। जख्मी युवक ने कहा कि मोहल्ले के ही विशाल और मुकेश के अलावा कुंदन भी वारदात में शामिल है।

इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि नगर थाना अंतर्गत बिंद टोली में रहने वाले हिमांशु विश्वकर्मा रविवार की शाम को कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा तीन गोली मारी गई है। घायल हिमांशु को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। सूचना के 10 मिनट के अंदर ही नगर थानाध्यक्ष संजीव और अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

प्रारंभिक जांच में घायल के घर वालों ने तीन चार व्यक्तियों के ऊपर आरोप लगाया है। जो की घर की लड़की से प्रेम विवाह से उपजी विवाद बता रहे हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अनुसंधान उपरांत सच्चाई पता चलेगी। प्रारंभिक जांच में अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर छापामारी की जा रही है। जल्द ही अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।