आरा : अपराधियों ने युवक को मारी गोली...

आरा : अपराधियों ने युवक को मारी  गोली...

आरा : बिहिया थाना क्षेत्र के बबुआ ब्रह्म स्थान के पास मंगलवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक बिहिया थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी देवानंद ठाकुर का बेटा आकाश ठाकुर (25) है। घायल युवक को गोली बाएं साइड कमर के नीचे लगी है। आरा शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया जा रहा है। वहीं बिहिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई हैं।

आकाश ठाकुर ने बताया कि उसने बिहिया बाजार में अपना पिकअप बनने के लिए दिया था। इसका पैसा लेकर वह अपाची बाइक से बिहिया बाजार जा रहा था। जाने के क्रम में जैसे ही बबुआ ब्रह्म स्थान के पास पहुंचा। तभी पीछे से दो बाइक पर सवार चार युवक आए और पहले उसके बाइक में टक्कर मारी। इसके कारण वह बेकाबू होकर चार्ट में गिर पड़ा।

इसके बाद हथियारबंद बदमाशों द्वारा उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। फायरिंग के दौरान उसे गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह बाइक छोड़ वहां से भाग कर कुछ दूर आ गया। तभी उक्त हथियारबंद बदमाशों द्वारा उसकी अपाची बाइक पर गोली मारी गई। इससे उसकी अपाची बाइक जल गई।

वहीं दूसरी तरफ जख्मी आकाश ठाकुर ने गौरा गांव निवासी अभिषेक सिंह, रितेश ठाकुर और उसके साथ रहे दूसरे बाइक पर दो अन्य पर गोली मारने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उसने उक्त हथियारबंद बदमाशों से अपने किसी भी प्रकार के किसी भी विवाद और दुश्मनी की बातों से साफ इनकार किया है।