लाव-लश्कर के साथ भोजपुर DM पहुंचे धान की कटनी करने...

आरा : लाव-लश्कर के साथ जब किसान के खेत में भोजपुर जिले के बड़े अफसर पहुंचे तो गांव वाल सोच में पड़ गए। इसके बाद कागजों का पुलिंदा निकाला गया। हिसाब-किताब किया गया। फिर जिलाधिकारी राजकुमार ने कहा कि लाइए हंसुआ लाइए। इसके बाद डीएम के साथ दो और अफसर खेत में उतर गए। एक-एक कर डीएम राजकुमार धान की फसल को काटने लगे। बगल में खड़े अधिकारी को धान की बालियां पकड़ाते गए। जब खेत में बैठने लायक जगह हुई तो फिर आराम से बैठकर धान काटने लगे। गांव वाले पास में खड़े सबकुछ देख रहे थे।

इस मौके पर किसान समेत काफी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। अचानक गाड़ियों में बजते सायरन और लंबे काफिला के साथ जिलाधिकारी जब गाड़ी से उतर कर खेत की तरफ जाने लगे तो सभी लोग आश्चर्य में पड़ गए। बाद में लोगों को पूरी जानकारी मिली। तब लोगों ने राहत की सांस ली। निरीक्षण के समय जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

अचानक अफसरों के खेत में उतरने से किसान और परेशान हो गए। खेत में उतरकर हाथ में हंसुआ लिए भोजपुर के जिलाधिकारी राजकुमार धान की कटनी करने लगे। गांववाले सोच में पड़ गए कि आखिर जिलाधिकारी क्यों खेत में उतरकर धान की कटनी कर रहे हैं? बाद में लोगों को पता चला कि जिलाधिकारी ने अपने जिले में धान के कटनी की विधिवत शुरुआत की। उन्होंने खुद धान की कटनी की।

आरा सदर के ग्राम पंचायत हसनपुर के गांव अलीपुर में किसान रमेश सिंह के खेत में डीएम राजकुमार पहुंचे थे। कृषि वर्ष 2023-24 के लिए पंचायत स्तरीय अगहनी धान फसल कटनी का विधिवत रूप से शुभारंभ जिलाधिकारी ने किया। धान की फसल को एक खास एरिया में काटा गया। इसके बाद काटे गए फसल से धान को निकाला गया। अनाज का वजन 38 किलो 180 ग्राम हुआ। इससे कैलकुलेशन निकाला गया कि एक एकड़ में 76 क्विंटल 36 किलो धान की उपज इस साल हुई है। धान की अच्छी फसल होने पर जिलाधिकारी ने काफी खुशी जताई।