यज्ञ देखने के दौरान हथियारबंद बदमाशो ने युवक को मारी गोली...

यज्ञ देखने के दौरान हथियारबंद बदमाशो ने युवक को मारी गोली...

आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत कारीसाथ गांव में मंगलवार की शाम पूर्व के विवाद को लेकर यज्ञ देखने के दौरान हथियारबंद बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक कारीसाथ गांव निवासी ओमकारनाथ सिंह का 30 वर्षीय पुत्र रोहित सिंह है। वह पिछले वर्ष दिसंबर माह में हत्या के मामले में बेल पर जेल से छूटकर आया था।

जख्मी युवक को गोली काफी करीब से दाहिने साइड सिर में मारी गई है जो आरपार हो गई है। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जख्मी हालत में जमीन पर गिर पड़ा। वही, घटना के बाद यज्ञ के दौरान लोगों के बीच भगदड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज पुलिस एवं जख्मी युवक के परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद उसे इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा कि मंगलवार देर शाम कारीसाथ गांव में चल रहे शिव प्राण प्रतिष्ठात्मक सह रूद्र महायज्ञ को देखने गया था। जहां उसे गोली मार दी गई। परिजनों ने बताया कि रोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था और जेल से आने के बाद नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। मृतक के परिवार के लोगों ने गोली मारने का आरोप गांव के ही राम प्रकाश सिंह के तीनों बेटों पर लगाया है।

वहीं पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूर्व की दुश्मनी में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है।

रोहित की हत्या के बाद पूरे गांव में चर्चा है कि स्व. राम प्रवेश सिंह के पुत्रों ने करीब बीस महीने के अंदर पिता की हत्या का बदला लिया है। मामूली बच्चों के झगड़े एवं नाली-गली को लेकर घटित गोलीबारी में राम प्रकाश सिंह की हत्या हुई थी।

आपको बताते चलें कि 23 मार्च 2022 को गजराजगंज ओपी के कारीसाथ गांव में बच्चों के बीच झगड़े को लेकर उपजे विवाद में एक रिटायर्ड फौजी राम प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, उसी समय प्रतिशोध में रोहित सिंह की पिटाई भी की गई थी। इसे लेकर नामजद प्राथमिकी कराई गई थी, जिसमें पुलिस ने रोहित सिंह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दिसंबर 2022 में वह जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था।