युवक को लगी गोली, हालत गंभीर, आरा इमरजेंसी अस्पताल में चल रहा इलाज...

युवक को लगी गोली, हालत गंभीर, आरा इमरजेंसी अस्पताल में चल रहा इलाज...

आरा : उदवंतनगर थाना के महतवनिया गांव में रविवार की रात संदिग्ध स्थिति में एक युवक को गोली लग गई। जख्मी युवक विद्यानंद सिंह का 28 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार है। गोली कमर में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।

जख्मी युवक के छोटे भाई संतोष कुमार ने बताया कि रविवार की रात दिवाली का त्योहार था और सभी लोग घर के दरवाजे पर खड़े थे। घर में पूजा हो रही थी। उसी दौरान अचानक उसके बड़े भाई को गोली लग गई। इसके बाद इलाज के लिए आरा शहर स्थित आरा इमरजेंसी अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

हालांकि, जख्मी युवक को गोली कैसे लगी। यह अभी स्पष्ट नहीं है। बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इधर, उदवंतनगर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई। शुरुआती जांच में दुर्घटना वश गोली लगने की संभावना जताई जा रही है।