आरा : बदमाशों ने दुकान के मुंशी को मारी गोली, मौत...

आरा : बदमाशों ने दुकान के मुंशी को मारी गोली, मौत...

आरा : नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला में शुक्रवार की रात छेड़खानी का झूठा आरोप लगा हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली उसकी बाएं साइड गर्दन में मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ यादव टोला मोहल्ला निवासी राजनाथ सिंह के 45 वर्षीय बेटे मुकेश कुमार है। वह एक किराने की दुकान पर मुंशी का काम करता था।

सूचना पाकर एएसपी परिचय कुमार एवं नवादा थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के दौरान अपराधियों की ओर से सात से आठ राउंड गोलीबारी भी करने की बात कही जा रही है।

वही एएसपी परिचय कुमार ने बताया कि ये लोग एक ही मोहल्ले के रहने वाले है। इन लोगों के बीच कुछ विवाद हुआ। विवाद के दौरान दो-तीन युवक हथियार निकालकर गोलीबारी करने लगे। गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गई और उनकी मृत्यु हो गई है। एक्जेक्टली कितनी गोलियां चली है। यह अभी या स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की छानबीन जारी है। जो भी अपराधी शामिल है वह जल्द ही हमारे गिरफ्त में होंगे।

इधर, मृतक के भाई आलोक कुमार ने बताया कि हमारे घर में करिया नामक युवक किरायेदार रहता है। जो राजमिस्त्री का काम करता है वह सुबह जाता है और शाम आता है। शुक्रवार की देर शाम जब अपने काम से वापस लौट रहा था और लौट के क्रम में अपनी बच्ची के लिए दूध लेने जा रहा था।

उसी बीच कब्रिस्तान के समीप गली में कुछ युवक वहां खड़े थे। जिसके बाद उन्होंने उसे कहा कि तुम लड़की को छेड़ता है। इसी बात का झूठा आरोप लगाकर उन लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद वह अपने घर आया और जब उसने इसकी शिकायत अपने मकानदार मुकेश कुमार से की तो वह अपने भाई आलोक कुमार से साथ उनके घर पूछताछ करने के लिए रणधीर के घर गया।

जहां पंकज, वकील और उसके साथी रणधीर के रूम में खाना खा रहे थे। जब उन्होंने ने उनसे पूछा की तुम लोगों ने ऐसा क्यों किया तो उन लोगों द्वारा हथियार निकाल कर फायरिंग कर दी गई। जिसमें फायरिंग के दौरान जब रणधीर ने गोली चलाई तो वह गोली उनके भाई मुकेश कुमार को लग गई। गोली लगते ही खून से लथपथ होकर जख्मी हालत उसका भाई मुकेश कुमार जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया।

जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजन उनके शवको वापस सदरअस्पताल ले गए जहां पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया।

वहीं भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी बदमाशो का नाम तथा पता ज्ञात हो चुका है। सहायक पुलिस अधीक्षक सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया और टीम छापामारी कर रही है। जल्द अभियूक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।