आम के विवाद में गरजी बंदूक, पुलिस ने 4 KM दौड़ाकर दो को किया गिरफ्तार...

आम के विवाद में गरजी बंदूक, पुलिस ने 4 KM दौड़ाकर दो को किया गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दिउल गांव में पेड़ से आम तोड़ने को लेकर उपजे विवाद में दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। इस दौरान हथियारबंद तत्वों ने एक अधेड़ को गोली मार दी। हमले में मधेश्चर पांडेय के पुत्र विनय पांडेय (55 वर्ष) घायल है।

अधेड़ के हाथ में लगी गोली आर-पार हो गई है। घायल का दुलौर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर राज किशोर पांडेय एवं विकास पांडेय नामक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरे की तलाश जारी है। करीब सात-आठ राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।

इधर, आरोपित का फायरिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसमें पिस्टल लिए लोग फायरिंग करते नजर आ रहे है। ठांय-ठांय की आवाज भी सुनाई दे रही है। हालांकि, दैनिक जागरण वायरल वीडियाे की पुष्टि नहीं करता है।

इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दो परिवारों के बीच लंबे समय से लड़ाई चली आ रही है। वर्तमान में आम के पेड़ के फल को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें एक परिवार ने दूसरे परिवार के सदस्य पर फायरिंग कर दी‌। दो आरोपित गिरफ्तार हो गए हैं। एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम छापामारी कर रही है।

जगदीशपुर डीएसपी राजीव चन्द्र सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि साल 2005 से ही विनय पांडेय एवं राजेन्द्र पांडे उर्फ करिया के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई चली आ रही है। शुरूआती जांच में यह बात आ रही कि विनय पांडेय शनिवार की शाम दिउल गांव के पश्चिम नदी किनारे स्थित बगीचा की ओर गए हुए थे।

वहां पर अन्य लोग आम और जामुन भी चुनने जाते हैं। अचानक वहां पर आम को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। इसके बाद हथियारबंद तत्वों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें गोली लगने से विनय पांडेय घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में दुलौर अस्पताल लाया गया। 

इधर, सूचना मिलते ही जगदीशपुर डीएसपी राजीव चन्द्र सिंह के नेतृत्व में जगदीशपुर, धनगाई व आयर थाना पुलिस ने गांव के बधार में घेराबंदी कर दो आरोपितों राज किशोर पांडेय व विकास पांडेय को दौड़ाकर धर दबोचा। पुलिस तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। उसी के पास हथियार होने की बात सामने आ रही है। एसपी ने बताया कि टीम ने चार किलोमीटर दौड़ाकर आरोपितोंं को दबोचने में सफलता हासिल की है।