आरा : पंचायत समिति सदस्य हत्याकांड में 24 घंटे के अंदर तीन आरोपी गिरफ्तार...

आरा : पंचायत समिति सदस्य हत्याकांड में 24 घंटे के अंदर तीन आरोपी गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी पंचायत समिति सदस्य दीपक कुमार गुप्ता की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। उनकी हत्या चुनावी रंजिश में बूटन चौधरी और उनके भाई सहित अन्य आरोपितों की ओर से की गयी है। पार्टी करने के नाम पर बुलाने के बाद उन पर पांच गोलियां बरसा दी गयी थीं।

पुलिस ने इस मामले में मुखिया के पति सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इनमें बेलाउर गांव निवासी उपेंद्र चौधरी, रूपन ठाकुर और रंजय साह शामिल हैं। घटनास्थल से छह खोखे, तीन पिलेट, शराब की कुछ बोतलें और ग्लास बरामद किये गये हैं। उपेंद्र चौधरी बेलाउर पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी के पति और बूटन चौधरी के बड़े भाई हैं। तीनों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।एसपी प्रमोद कुमार की ओर से रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गयी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की देर शाम बेलाउर गांव में समिति सदस्य दीपक कुमार गुप्ता की गोली मार हत्या कर दी गयी थी। हत्या का खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी थी। टीम की जांच में शराब पार्टी के बहाने चुनावी रंजिश में पंसस की हत्या किये जाने की बात सामने आयी। इसके बाद टीम ने घटना में शामिल लोगों की पहचान करते हुए उपेंद्र चौधरी, रुपन ठाकुर और रंजय साह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने पूरी घटना बता दी।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल बूटन चौधरी और ऋषि सहित अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम में ट्रेनी डीएसपी सह उदवंतनगर थानाध्यक्ष काजल जायसवाल, अपर थानाध्यक्ष सह दारोगा अवधेश कुमार और डीआईयू के अफसर व जवान शामिल थे।