आरा : जमीनी विवाद में पिता - पुत्र काे मारी गोली, पुत्र की मौत...

आरा : जमीनी विवाद में पिता - पुत्र काे मारी गोली, पुत्र की मौत...

आरा : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत पेरहाप गांव में सोमवार की रात हथियार बंद बदमाशों ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। जिसमें पुत्र आदित्य कुमार (20 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं घायल 50 वर्षीय पिता कमलेश राय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक को चार गोली सीने, पेट, बाएं हाथ, कलाई में लगी है। जख्मी पिता को दो गोली पंजरी और सीने में मारी गई है। इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाने के दौरान आदित्य ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

मृतक आदित्य कुमार इंटर का छात्र था। वहीं जख्मी उसके पिता कमलेश राय प्रॉपर्टी डीलर हैं। वह गांव में खेती भी करते हैं। मृतक घर का इकलौता चिराग था।

इधर मृतक आदित्य कुमार के पिता कमलेश राय ने बताया कि सोमवार की रात वह घर के बाहर दरवाजे पर अपने बेटे आदित्य कुमार के साथ बैठे हुए थे। तभी उनके पट्टीदार और पड़ोसी हथियार से लैस होकर उनके दरवाजे पर आ धमके और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में पिता-पुत्र को गोली लग गई। परिजनो द्वारा दोनों को इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक द्वारा देख उनके बेटे आदित्य कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि जख्मी कमलेश राय का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।

वहीं दूसरी ओर मृतक आदित्य कुमार के पिता जख्मी कमलेश राय ने संपत्ति हड़पने को लेकर अपने पट्टीदार प्रियांशु और उनके साथ रहे पड़ोस के नंदू, सोनू, विष्णु, छोटक राय सहित अन्य लोगों पर साजिश के तहत बेटे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

इधर, पीरो डीएसपी राहुल सिंह ने बताया कि हमला करने का आरोप पड़ोस के ही गोतिया के कुछ लोगों पर है। भूमि विवाद में घटना घटित हुई है। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है।