हमें देशभक्त बनना है अंधभक्त नहीं, यह एक व्यक्ति का चुनाव नहीं यह राष्ट्र की प्रगति का चुनाव : मुकेश सहनी

हमें देशभक्त बनना है अंधभक्त नहीं,  यह एक व्यक्ति का चुनाव नहीं यह राष्ट्र की प्रगति का चुनाव : मुकेश सहनी

पटना : विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमें देश भक्त बनना है, अंधभक्त नहीं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की ताकत है कि जो भी अच्छा काम नहीं करेगा, उसे जनता पांच साल में हटा देगी।

इस चुनाव को खास चुनाव बताते हुए कहा कि यह किसी एक प्रत्याशी का चुनाव नहीं है बल्कि यह चुनाव पूरे देश का, गांव से लेकर शहर  के विकास का और राष्ट्र की प्रगति का चुनाव है। 

श्री सहनी आज तेजस्वी यादव के साथ पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में कई चुनावी सभाओ को संबोधित किया और भाजपा को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। 

उन्होंने कहा कि जिस देश में युवाओं की स्थिति बदहाल हो तो उस राष्ट्र की बदहाली की स्थिति को समझा जा सकता है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन इस बार केंद्र में सरकार बनाने जा रही है। इस कारण भाजपा के लोग अपनी हार देख परेशान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ताबड़तोड़ इस चुनाव में बिहार आ रहे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनकी बेचैनी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब उन्हें चुनाव में पटना में रात्रि विश्राम भी करना पड़ रहा है।

श्री सहनी ने लोगों से महागठबंधन के प्रत्याशियों को  वोट देने का आह्वान करते हुए महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत से ही सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज के युवा इंडी गठबंधन के साथ है। 

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में वे राजद के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि लालू प्रसाद की विचारधारा को आगे बढ़ाना है।