गया में दहाड़े सहनी, कहा देश हिटलर जैसे नेता के हाथों में सुरक्षित नहीं...

गया में दहाड़े सहनी, कहा देश हिटलर जैसे नेता के हाथों में सुरक्षित नहीं...

पटना : विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज गया में राजद के प्रत्याशी कुमार सर्वजीत के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर सियासी हमला बोला।

उन्होंने भाजपा नेता नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से करते हुए कहा जिस तरह हिटलर ने वादा कर लोगों को बरगलाकर सत्ता में आए थे, उसी तरह 2014 में नरेंद्र मोदी आए। अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता तक पहुंच गए।

उन्होंने कहा कि उस समय कहा गया था कि विदेशों में जमा काला धन वापस लाया जाएगा और सभी लोगों के खाते में 15- 15 लाख रुपए दिया जाएगा। अब भी लोग उसी इंतजार में हैं। लेकिन अब तक यह राशि नहीं आई। 

श्री सहनी ने कहा कि आज सत्ता में आने के बाद संविधान बदलने की कोशिश हो रही है। हिंदू, मुस्लिम को लड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश गलत हाथों में चला गया है। अब इसे हटाने के लिए आजादी की लड़ाई की तरह हमे संघर्ष करना पड़ेगा। आज नागपुर के इशारे पर यह काम किया जा रहा है। दो राज्यों के मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया है। 

'सन ऑफ मल्लाह ' के नाम से चर्चित श्री सहनी ने कहा कि आज गांव में लोग भूखे मर रहे हैं, उन्हें महीने में पांच किलो अनाज दिया जा रहा है, आखिर पांच किलो अनाज में एक परिवार का पेट कैसे भरेगा। सहनी ने कहा कि हमारी एक मांग है कि अगर दिल्ली और पश्चिम बंगाल में निषादों को आरक्षण है तो बिहार, झारखंड में क्यों नहीं। 

उन्होंने साफ लहजे में लोगों से सत्ता में बैठे लोगों को बदलने के लिए कुमार सर्वजीत के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बदलने से ही गरीबों का कल्याण होगा।