नीतीश कुमार के रूप में नेता और नीति दोनों हमारे पास...

नीतीश कुमार के रूप में नेता और नीति दोनों हमारे पास...

पटना : राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य एवं बिहार जदयू के पूर्व अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह आज पुनः जदयू मुख्यालय पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। संयोगवश आज उनका जन्मदिन भी था। इसे देखते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें बधाई दी। उन्हें बधाई देने वालों में विधानपार्षद संजय गांधी, रविन्द्र प्रसाद सिंह, जदयू शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 अमरदीप, श्रम एवं तकनीकी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रामचरित्र प्रसाद, प्रदेश महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह, चंदन कुमार सिंह, मनीष कुमार, संतोष कुशवाहा, पटना महानगर जदयू के अध्यक्ष आसिफ कमाल, युवा नेता सैयद नजम, धीरज सिंह राठौड़, प्रवीण तिवारी, प्रिंस बजरंगी, पार्टी नेता मुन्ना चौधरी आदि शामिल हैं। 

इस दौरान बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि देश की राजनीति में बिहार की पहचान प्रयोग भूमि के रूप में रही है। गांधी जी का सत्याग्रह हो, जेपी की सम्पूर्ण क्रांति हो या कर्पूरी ठाकुर की समाजवादी राजनीति, बिहार ने हमेशा देश को दिशा देने का काम किया है। आज देश भर की निगाहें एक बार फिर बिहार पर आ टिकी हैं, क्योंकि वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकमात्र ऐसे नेता हैं जो नीति-संकट के दौर से गुजर रहे देश को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उनके रूप में नेता और नीति दोनों हमारे पास हैं।

बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में अपने साढ़े सत्रह वर्षों के कार्यकाल में सुशासन के जितने प्रयोग किए हैं। और राजनीति को समाज-सुधार का जरिया बनाया है, वैसा दूसरा कोई उदाहरण पूरे देश में नहीं है। नीतीश कुमार ने बल का प्रयोग करके नहीं, अपनी दूरदर्शिता और नेतृत्व-क्षमता से नए बिहार को गढ़ा है। उन्होंने सिर्फ राज्य की आधारभूत संरचना पर ही काम नहीं किया, बल्कि यहाँ के लोगों के दिल-दिमाग को भी रचनात्मक और सार्थक दिशा में मोड़ा है, जिसके सुखद परिणाम भविष्य में और व्यापक रूप से देखने को मिलेंगे।