लड़की से बात करने को लेकर उपजा विवाद, पेट्रोल पंप कर्मी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हथियार समेत एक गिरफ्तार...

लड़की से बात करने को लेकर उपजा विवाद, पेट्रोल पंप कर्मी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हथियार समेत एक गिरफ्तार...

आरा : भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर गड़हनी पेट्रोल पंप के समीप बाइक सवार पेट्रोल पंप कर्मी पर फायरिंग की गई। हालांकि ,वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान पुलिस ने हमलावर आरोपितों में से एक को हथियार समेत धर दबोचा।

इसकी जानकारी एसपी प्रमोद कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया राहुल गिरी चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव का निवासी है। उसके पास से एक देसी पिस्टल, चार गोली और चार खोखा बरामद किया गया है। साथ ही कांड में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

कांड में उसके दूसरे साथी गड़हनी के नहसी गांव निवासी विशाल यादव की तलाश जारी है। पकड़े आरोपित के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। एसपी ने बताया कि शुरूआती जांच में किसी लड़की से बात करने और प्रेम-प्रसंग को लेकर लड़कों के दो गुटों में विवाद की बात सामने आ रही है।

हर एंगल पर जांच चल रही है। एसपी के अनुसार गड़हनी का नहसी गांव निवासी गुप्तेश्वरराम चरपोखरी के ध्यानी टोला पेट्रोल पंप पर काम करता है। रोज की तरह अपने साथी रजनीश और मनीष कुमार के साथ वह बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रहा था।

इस दौरान गड़हनी पेट्रोल पंप के समीप उजले रंग की अपाची बाइक पर सवार हथियार बंद हमलावरों ने हत्या करने की नीयत से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग की। हालांकि,बाइक सवार हताहत नहीं हुआ। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मी ने संबंधित थाना में विशाल यादव और राहुल गिरी के विरुद्ध प्राथमिकी कराई।

इसके बाद सदर एसडीपीओ चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गड़हनी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता ने सशस्त्र बल के साथ छापेमारी कर आरोपितोंं में से एक राहुल गिरी को धर दबोचा। तलाशी लेने पर पिस्टल चार गोली और एक मोबाइल बरामद किया गया। साथ ही बाइक को भी जब्त कर लिया गया।

थानाध्यक्ष के अनुसार वांछित विशाल यादव का किसी के साथ प्रेम-प्रसंग है। सूचक गुप्तेश्वर कुमार पर बातचीत करने को लेकर शक था। जिसे लेकर फायरिंग किए जाने की बात अभी सामने आ रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद कांड का विस्तृत खुलासा हो सकेगा। टीम उसकी भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।