आरा : मुंह में पत्थर डालकर छात्र की हत्या, कल से था लापता...

आरा : मुंह में पत्थर डालकर छात्र की हत्या, कल से था लापता...

आरा : सिन्हा थाना क्षेत्र अन्तर्गत कल्याणपुर-परशुरामपुर गांव के बधार से शुक्रवार की सुबह एक लापता छात्र का शव बरामद किया गया। मृतक 12 वर्षीय प्रिंस कुमार उर्फ अभय कुमार सिन्हा थाना के कल्याणपुर गांव निवासी दशरथ साह का पुत्र था। 

शव देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पहले छात्र की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। छात्र के मुंह में ईंट-पत्थर डालकर उसे मौत के घाट उतारा गया है।

छात्र का सिर कुचला हुआ है, निमर्म तरीके से हत्या किए जाने के बाद मुंह में ईट पत्थर भी ठूंसा गया है। सातवीं के छात्र की ऐसी हत्या से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक प्रिंस की मां सुशीला देवी ने बताया कि उनका बेटा परशुरामपुर गांव स्थित स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को हर रोज की तरह सुबह नाश्ता कर अपने दोस्तों के साथ घर से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्कूल गया था। शाम तक जब घर वापस नहीं लौटा तो हमने काफी खोजबीन की। स्कूल में पूछताछ की तो पता चला कि उसे चक्कर आ रहे थे, इसलिए स्कूल वालों ने घर भेज दिया था लेकिन वो घर नहीं पहुंचा। इसके बाद पिता ने सिन्हा ओपी में गुमशुदगी का आवेदन दिया।

शुरुआती जांच में यह बात आ रही कि तीन दिन पहले गांव में झगड़ा हुआ था। इसी विवाद में जान से मारने की धमकी दी गई थी। उसी विवाद से घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी परिचय कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने में जुट गए हैं।

वहीं भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि आज सुबह सदर2 अनुमंडल अंतर्गत सिन्हा थाना प्रभारी को एक सुचना मिलती है की एक लड़के की डेड बॉडी परशुरामपुर बघार में पड़ी है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सिन्हा के साथ अन्य वरीय पदाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दिनांक 21 मार्च को कल्याणपुर के रहने वाले प्रिंस कुमार उर्फ अभय शाह उम्र लगभग 12 वर्ष, पिता दशरथ ग्राम कल्याणपुर की डेड बॉडी है।

एक दिन पहले देर संध्या में मृतक के परिजन ने थाना में सूचना दी थी कि उनका लड़का नहीं मिल रहा है। पुलिस उक्त मामले में विधि संगत कार्रवाई आरंभ कर दी थी। घटना के उद्भेदन के लिए एफएसएल की टीम तथा डॉग स्क्वायड बुलाया गया था। अभियुक्तों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 2 के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दिया गया है। जल्द गिरफ्तारी हेतु पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।